सोनभद्र में अपहरण के बाद मारपीट, जख्मों पर रगड़ा नमक, 3 लाख रु. मांगे
उत्तरप्रदेश के सोनभद्र में कर्ज विवाद से जुड़ा मामला सामने आया है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ऐलाही गांव के निवासी अमित पटेल ने अपहरण कर बंधक बनाने, मारपीट करने और फिरौती मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 2 नामजद समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जबरन उठाकर ले गए आरोपी
अमित पटेल का आरोप है कि 21 अप्रैल की सुबह वह जरूरी काम से रॉबर्ट्सगंज मेन चौक गया था। इसी दौरान शीतला मंदिर चौक के पास अभिषेक और दिलीप अपने साथ कई लोगों को लेकर पहुंचे और उसे बाइक सहित जबरन उठा ले गए। अमित के अनुसार, पहले उसे एक कपड़े के शोरूम पर ले जाया गया, जहां करीब 2 घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई।
3 लाख की मांग
पीड़ित का आरोप है कि शोरूम से उसे एक फार्महाउस ले गए। वहां एक कमरे में रस्सी से बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई। उसके कपड़े उतरवाकर चोटों पर नमक रगड़ा गया। इतना ही नहीं, जबरन शराब भी पिलाई गई। इस दौरान वह चीखता रहा लेकिन किसी ने उसकी एक ना सुनी। आरोपियों ने उसके माता-पिता को फोन कर 3 लाख रुपये लेकर आने को कहा। परिवार के नई बाजार पहुंचने पर उन्हें कहा गया कि अमित रॉबर्ट्सगंज में मिलेगा। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने 24 घंटे के भीतर रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
उधार के पैसे को लेकर विवाद
अमित ने पुलिस को बताया कि करीब 6 महीने पहले उसने निसरौलिया निवासी दिलीप पटेल के माध्यम से अभिषेक से 1.35 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि उधार देने के बदले उससे स्टांप पर लिखवाया गया और चेकबुक पर साइन भी कराए गए। इसी को लेकर झगड़ा बढ़ता चला गया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अमित कोतवाली पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।