उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में 'पौधरोपण महाभियान-2025' का शुभारंभ, 1 बजे तक प्रदेश में लगाए 20 करोड़ से ज्यादा पौधे
UP Plantation Drive 2025: उत्तर प्रदेश में 'पौधरोपण महाभियान-2025' का शानदार शुभारंभ हुआ। इस अभियान की थीम 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' रखी गई है, जिसके तहत पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 37 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस ऐतिहासिक पहल का उद्घाटन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बाराबंकी में पौधरोपण करके किया, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में पौधे रोपकर अभियान की शुरुआत की। दोपहर 1 बजे तक प्रदेश में 20 करोड़ से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं, जो इस अभियान की व्यापकता और जनभागीदारी को दर्शाता है।
पर्यावरण संरक्षण की अपील
अयोध्या में अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "प्राकृतिक आपदाओं का सामना आज पूरी दुनिया को करना पड़ रहा है। अमेरिका जैसे विकसित देश भी इन आपदाओं से अछूते नहीं हैं। यह अनियोजित विकास का परिणाम है। हमें विकास के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा सुनिश्चित करनी होगी।" सीएम ने इस अभियान को मातृ शक्ति को समर्पित बताते हुए कहा कि यह मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अनूठा अवसर है। उन्होंने लोगों से न केवल पौधे लगाने, बल्कि उनकी सुरक्षा और संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्धता दिखाने की अपील की।'एक पेड़ माँ के नाम' वर्तमान को संवारने और भविष्य को बचाने का एक अभियान है... pic.twitter.com/ku89ExzqZI
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 9, 2025