उत्तर प्रदेश
कौशांबी में मिशन शक्ति: बालिका त्रिशा बनी एक दिन की थाना अध्यक्ष
Kaushambi Mission Shakti: कौशांबी जिले में महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं के अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति के तहत एक अनोखी पहल देखने को मिली। जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र में परिषदीय विद्यालय की कक्षा 6 की छात्रा त्रिशा श्रीवास्तव को एक दिन का थाना अध्यक्ष बनाया गया। यह पहल न केवल बेटियों को आगे बढ़ाने का संदेश दे रही है, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण और जिम्मेदारी की भावना भी जगा रही है।
मंझनपुर थाने में मंगलवार को ऐसा दृश्य देखने को मिला, जो आम तौर पर शायद ही किसी ने देखा हो। थाना की अध्यक्षीय कुर्सी पर बैठी त्रिशा श्रीवास्तव ने न सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारियों को समझा, बल्कि महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को भी बारीकी से सुना।
महिलाओं की समस्याओं को सुना
एक दिन की थानेदार बनी त्रिशा ने महिलाओं की कई समस्याओं को सुना और उनके समाधान पर सुझाव दिए। छात्रा ने कहा कि उनका सपना है कि वह पढ़-लिखकर पुलिस विभाग में भर्ती हों और उन महिलाओं की मदद करें, जो घरेलू हिंसा और अन्य परेशानियों के चलते आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठाने पर मजबूर हो जाती हैं। त्रिशा ने कहा,अगर मुझे मौका मिलेगा तो मैं सबसे पहले उन महिलाओं के लिए काम करूंगी, जो अपने घर में या समाज में परेशानियों से जूझ रही हैं। महिला सुरक्षा और सम्मान मेरी प्राथमिकता होगी।