उत्तर प्रदेश
काशी पहुंचने से पहले खत्म हो गया सफर: श्रद्धालुओं की चीखों से गूंजा हाईवे
श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रेलर में घुसी, 4 की मौके पर मौत
हादसा जो पल भर में जिंदगी बदल गया
उत्तर प्रदेश के जौनपुर ज़िले में सोमवार तड़के एक AC टूरिस्ट बस 50 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या से वाराणसी जा रही थी। लाइनबाज़ार थाना क्षेत्र के सीहीपुर के पास ओवरटेक करते समय बस सीधे एक ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पिचक गया। सीटें चकनाचूर हो गईं, सामान बिखर गया, और कई जिंदगियां वहीं थम गईं। चार लोगों की मौके पर मौत हो गई। इनमें एक महिला अपने पति के सामने खिड़की और सीट के बीच फंसी रह गई और जिंदगी से हार गई।छत्तीसगढ़ से काशी तक श्रद्धालुओं का सफर
दिलीप दास, जो हादसे में बाल-बाल बचे, ने बताया "हम छत्तीसगढ़ से 7 सितंबर को निकले थे। अमरकंटक, मैहर, चित्रकूट, वृंदावन और फिर अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। काशी जाने का मन था, सब बहुत खुश थे। लेकिन..."उनकी बात अधूरी रह गई। शायद भावनाएं शब्दों से तेज़ थीं।एक पति की पूरी दुनिया उजड़ गई
आशा भावल, इस यात्रा पर अपने पति उपन के साथ थीं। हादसे में उनकी मौत हो गई। उपन की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। वो कहते हैं,"टक्कर के बाद सबकुछ बिखर गया। मैं जैसे-तैसे उठा और अपनी पत्नी को ढूंढने लगा। वह सीट और खिड़की के बीच बुरी तरह फंसी थी, खून से लथपथ। दो बच्चे हैं हमारे... बेटी की शादी होने वाली थी। अब कैसे बताऊंगा उसे कि मां नहीं रही।"उनका दर्द शब्दों से परे था एक ऐसा घाव, जो वक़्त भी शायद कभी न भर पाए।