उत्तर प्रदेश

यात्रियों के लिए खुशखबरी, शुरू हुई जनता बस, किराया 20% कम

Janta Bus Service: उत्तरप्रदेश के चेतिया, बिस्कोहर, बढ़नी चाफा मार्ग पर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब यात्री किराये से 20 प्रतिशत कम रकम देकर यात्रा कर सकेंगे। लोगों को सहूलियत देने के लिए अब लोकल रास्तों पर कम किराए वाली जनता बस का संचालन शुरू कर दिया गया है। शुरुआत 3 रूटों से की गई। सबकुछ ठीक रहा तो दूसरे रूटों पर भी जल्द ही बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

20% कम दर पर यात्रियों को टिकट 

सिद्धार्थनगर जिले के चेतिया, बिस्कोहर और बढ़नी चाफा मार्ग पर जनता बस का संचालन शुरू कर दिया गया। इन बसों पर साधारण बसों के निर्धारित किराए से 20% कम दर पर यात्रियों को टिकट मिल जाएगा। परिवहन निगम ने ग्रामीण इलाकों में जनता बस सेवा शुरू करने की कार्ययोजना बनाई थी। इसके जरिये यात्रियों को कम किराए में यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी थी। इसके लिए मुख्यालय ने सिद्धार्थनगर के ऐसे रूट मांगे थे, जहां यात्रियों की संख्या ज्यादा है, लेकिन बसें या तो नहीं चल रहीं या बहुत कम चल रही हैं।

Janta Bus Service: लोकल यात्रा होगी बेहतर

मुख्यालय के निर्देश के बाद रोडवेज निगम ने जिले के कई ऐसे मार्गों का चयन किया, जहां बसों की जरूरत लंबे समय से थी। नई बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रियों का खर्च कम होगा और लोकल यात्रा ज्यादा सुविधाजनक बनेगी। प्रशासन को उम्मीद है कि बसों के संचालन से लोकल परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा। इस क्रम में रोडवेज ARM ने पिछले दिनों से बसों का संचालन 3 रूटों पर शुरू किया। जबकि अन्य ऐसी रूटाें का तलाश करके जल्द ही संचालन करने की योजना बनाई जा रही है।