भारत में LPG कीमतों में भारी वृद्धि, अखिलेश यादव का सरकार को तंज
देशभर में महंगाई के कारण आम आदमी को एक और झटका लगा है। 1 मई 2026 से सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये का इजाफा किया गया है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3,071.5 तक पहुंच गई है। वहीं, 5 किलो वाले LPG सिलेंडर के दाम भी 261 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। इस बढ़ती सिलेंड़र की कीमतों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा निशाना साधा।
अखिलेश के सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट करते हुए सरकार की नीतियों और महंगाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा सिलेंडर महंगा नहीं होता, रोटी-थाली महंगी होती है। ये बात वही जानता है जो ख़ुद ख़रीदकर खाता है, वो नहीं जो दूसरों के यहाँ जाकर खाता है या दूसरों की थाली से चुराता है। सिलेंडर महंगा करना था तो सीधे 1000 रूपये महंगा कर देते। 1000 में 7 रुपये कम करके ये भाजपावाले किस पर एहसान कर रहे हैं? भाजपा ‘महंगाई, बेरोज़गारी, बेकारी व मंदी’ पर निंदा प्रस्ताव कब लाएगी?
क्या है कारण?
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मुताबिक, गैस के दाम बढ़ाने का मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में आया उछाल है। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से ही लगातार अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। जहां पर 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में यह तीसरी वृद्धि है। इससे पहले मार्च की शुरुआत में लगभग 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी और फिर 1 अप्रैल को कीमतों में लगभग 200 रुपये बढ़ाए गए थे।