इंदौर के नवलखा में 5 बसें जलकर खाक; वेल्डिंग के दौ

इंदौर के नवलखा इलाके में 5 बसों में लगी भीषण आग, लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं

इंदौर के नवलखा इलाके में खड़ी 5 बसों में आग लग गई। इसकी लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। सूचना मिलते ही दो दमकल मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

लोगों का कहना है कि आग लगने के दौरान 4 धमाके भी सुनाई दिए। ये गैस सिलेंडर फटने के जैसे थे। फिलहाल, इसकी प्रशासनिक पुष्टि नहीं हो पाई है।बता दें कि घटना नवलखा इलाके में तीन इमली के पास सोमवार सुबह की है। यहां बसें पार्क की जाती हैं।

पार्किंग में 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं

जानकारी के अनुसार एक बस में मरम्मत का काम किया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग के दौरान बस ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने पांच बसों को चपेट में ले लिया। लोगों का कहना है कि हादसे के वक्त मौके पर 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आनन-फानन में इन्हें यहां से हटाया गया। आसपास रिहायशी बस्ती होने की वजह से लोगों में घबराहट फैल गई। 

पार्षद बोले- कई बार शिकायत की

स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने कहा- रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। सुनवाई नहीं होने से हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। पार्षद शर्मा मौके पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा- जब तक बसें यहां से नहीं हटतीं और इसका समाधान नहीं निकलता, मैं धरने पर ही बैठा रहूंगा।

पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का पता लगा रहे हैं।