बालोद में दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से 3 दोस्तों की मौत
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
मृतकों की पहचान तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्या (21) के रूप में हुई है। तीनों दोस्त किसी काम से बाइक पर डौंडीलोहारा जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार कि दूर जा गिरे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे खैरीडीह गांव के पास हुआ। कार और बाइक की भिड़ंत इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क से दूर जा फेंके गए।हादसे में तरुण का हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि राहुल का पैर कटकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरा। नरेंद्र के शरीर पर भी गंभीर चोटें आईं। बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले दो की मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दो युवकों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक राहुल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि राहुल का कटा हुआ पैर शनिवार सुबह ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर मिला।
पुलिस जांच में जुटी, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
डौंडीलोहारा थाना प्रभारी सुनील तिर्की के मुताबिक हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। बाइक सवार युवक डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे, जबकि कार राजनांदगांव लौट रही थी।पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के समय कोई नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
इलाके में पसरा मातम
एक साथ तीन युवकों की मौत के बाद सिर्राभाठा और मुड़खुसरा गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनों दोस्त काफी करीबी थे और अक्सर साथ ही आते-जाते थे।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरे को सामने ला दिया है।