MP में 1000 करोड़ की फैक्ट्री लगाएंगे अडानी, CM डॉ यादव और ज्योतिरादित्य सिंधिया आज करेंगे भूमिपूजन
अडाणी ग्रुप ने एमपी को बड़ी सौगात दी है। वे गुना में 1000 करोड़ की सीमेंट फैक्ट्री लगा रहे हैं। आज मावन में अडाणी ग्रुप की प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री का भूमि पूजन गोपालपुरा मैदान पर हो रहा है। सीएम डॉ मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भूमिपूजन करेंगे। इस मौके पर गौतम अडाणी के पुत्र करण अडाणी भी उपस्थित रहेंगे।
बता दें कि अडाणी ग्रुप की सीमेंट फैक्ट्री मावन में लगभग 32 हेक्टेयर भूमि पर बनेगी। दो चरणों में इस परियोजना का निर्माण होगा। प्रथम चरण में 1059 करोड़ रुपए की लागत आएगी। यहां प्रतिदिन 5500 टन, सालाना 20 लाख टन सीमेंट का उत्पादन होगा। लगभग 1 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। पहली यूनिट इसी साल बनकर तैयार होने की उम्मीद है, जिसके बाद दूसरे फेज में भी लगभग इतनी ही राशि का निवेश कर एक और यूनिट स्थापित की जाएगी।
सीएम और सिंधिया साथ-साथ आएंगे
इस कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे। यहां से एक रोड शो प्रारंभ होगा, जो शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे कैंट थाना, सदर बाजार, पुलिस लाइन से होते हुए गुजरेगा।
भीड़ जुटाने की कवायद तेज
कार्यक्रम और रोड शो में अधिक से अधिक भीड़ रहे, इसके लिए अलग-अलग विभागों से जुड़े मुख्य अधिकारियों को टारगेट दिए गए हैं। कम से कम पन्द्रह से बीस हजार लोगों को शामिल किए जाने का टारगेट माना जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता,गुना विधायक पन्नालाल शाक्य अपने-अपने समर्थकों के साथ लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील कर रहे हैं।
प्रभारी मंत्री राजपूत ने डाला डेरा
मावन में प्रस्तावित सीमेंट फैक्टरी का भूमि पूजन गोपालपुरा मैदान पर रविवार को होगा। इसके बाद वहां जनसभा होगी।
कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने यातायात
व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रिलायंस पेट्रोल पंप से सीधे गोपालपुरा रोड पर वाहन नहीं आ सकेंगे। वे गुना में अंबेडकर चौराहे से जेल तिराहे तक ही आ सकेंगे। गोपाल मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग पुलिस कन्ट्रोल रूम के सामने मैदान में होगी। रिलायंस पेट्रोल पंप तिराहे की ओर से गोपालपुरा रोड आने वाले वाहनों को बीज निगम में पार्क कराया जाएगा।