छत्तीसगढ़ से झारखंड गईं 35 लड़कियां बंधक बनीं, वीडियो बनाया, रोते हुए बोलीं- घर जाने दो
छत्तीसगढ़ से काम की तलाश में झारखंड गईं 35 लड़कियों के बंधक बना लिया गया। बंधक बनाई गई ज्यादातर लड़कियां कांकेर की रहने वाली हैं। सभी लड़कियों को नर्सिंग का काम करने के लिए झारखंड के गढ़वा गई थी। लड़कियों के बंधक होने की जानकारी तब सामने आई है जब यहां रहने वाली एक लड़की ने VIdeo बनाकर अपने परिचित को भेजा है।
लड़कियों को बनाया बंधक
लड़की ने शिकायत की है कि पैसे नहीं होने पर उसे बंधक बना लिया गया। दुर्गूकोंदल क्षेत्र की रहने वाली लड़की ने अपने गांव के एक युवक को मदद के लिए वीडियो बनाकर भेजा है। जिसमें धमतरी के कुरूद की लड़की रोते हुए कहती दिखी कि उसे यहां अच्छा नहीं लग रहा, लेकिन घर जाने के लिए पैसे भी नहीं है। Video में एक महिला कहती है कि ये लड़की पैसा नहीं दी है, इसे नहीं जाने देंगे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कांकेर कलेक्टर ने संज्ञान में लिया और उन्हें वापस लाने की बात कही है।
कलेक्टर ने लिया संज्ञान
कांकेर कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने बताया कि झारखंड के गढ़वा में कांकेर और अन्य जगह से कुछ लड़कियां नर्सिंग का काम करने गई थीं। वहां पर ट्रेनिंग की जानकारी मिली थी। गढ़वा से फोन कॉल मिला जिसमें लड़कियों के बंधक बनाए जाने की शिकायत है। कलेक्टर ने बताया कि कुछ युवतियां बालिग हैं और वो अपनी इच्छा से वहां काम करने गई थी। एक लड़की ने बंधक बनाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस गढ़वा जिले के कलेक्टर और SP के संपर्क में है।