फर्रुखाबाद में टूटी शादी! जयमाला के बाद दूल्हे की लंगड़ाहट देख भड़के लड़की वाले, बारात लौटी खाली हाथ
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: फर्रुखाबाद के नवाबगंज क्षेत्र में एक शादी खुशियों से विवाद में बदल गई, जब जयमाला के बाद दूल्हे को लंगड़ाकर चलते देख दुल्हन पक्ष ने पूरी शादी ही तोड़ दी. महीनों की तैयारियां, रिश्तेदारों की भीड़ और बारात का शोर सब कुछ कुछ ही घंटों में निराशा में बदल गया. यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ हैं. एटा के अलीगंज से बारात धूमधाम के साथ फर्रुखाबाद पहुंची थी. गेस्ट हाउस में वधू पक्ष ने बड़े सम्मान के साथ बारात का स्वागत किया और जयमाला भी हंसी-खुशी संपन्न हो गई. माहौल पूरी तरह उत्सवी था, किसी को अंदेशा भी नहीं था कि कुछ देर बाद स्थिति उलट जाएगी.
कलेवा के समय खुला राज कलेवा की रस्म के दौरान दूल्हा जैसे ही आगे बढ़ा, उसकी हल्की लंगड़ाहट पर दुल्हन पक्ष की महिलाओं की नजर पड़ गई. कुछ ही मिनटों में आपस की फुसफुसाहट नाराजगी में बदल गई. उनका आरोप था कि दूल्हा पहले से चलने में दिक्कत रखता है और यह बात उनसे जान-बुझकर छिपाई गई. दूल्हा पक्ष ने समझाने की पूरी कोशिश की. उन्होंने कहा कि युवक को कुछ दिन पहले कूल्हे के पास हल्की चोट लगी थी, जो कुछ ही दिनों में ठीक हो जाएगी. परिवार ने मेडिकल कारण भी बताए, लेकिन वधू पक्ष किसी भी तरह मानने को तैयार नहीं हुआ.
मामला पहुंचा थाने बहस बढ़ती गई और अंत में मामला पुलिस तक पहुंच गया। थाने में पंचायत जैसी बैठक हुई, जिसमें पुलिस और गांव के सम्मानित लोगों ने भी परिजनों को समझाने की कोशिश की. लेकिन दुल्हन पक्ष इस बात पर अड़े रहे कि शादी से पहले चोट की जानकारी नहीं दी गई, इसलिए वे रिश्ता आगे नहीं बढ़ा सकते. लंबी बहस के बाद वधू पक्ष ने न सिर्फ शादी से इनकार कर दिया, बल्कि सगाई में मिले सभी जेवर और कपड़े भी वापस लौटा दिए. उनका कहना था कि लड़की की जिंदगी किसी जोखिम पर नहीं छोड़ी जा सकती. रात भर चलने वाले हंगामे के बाद आखिरकार बारात बिना दुल्हन ही लौट गई. दूल्हा पक्ष गेस्ट हाउस से भारी मन से वापस गया, जबकि लड़की पक्ष में भी तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.