छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में गर्भवती महिला की नदी पार

छिंदवाड़ा में खटिया पर नदी पार, रास्ते में हुआ प्रसव, नहीं पहुंची एंबुलेंस

छिंदवाड़ा में खटिया पर नदी पार

छिंदवाड़ा से एक ऐसा वीडियो सामने आया जिसने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। अमरवाड़ा में गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा बढ़ने पर परिजन खटिया में लिटाकर नदी पार कराने को मजबूर हो गए। हैरानी की बात तो ये रही की इसी दौरान रास्ते में ही महिला की डिलीवरी हो गई। बाद में जच्चा-बच्चा को किसी तरह नदी पार कराया गया, लेकिन काफी देर के इंतजार के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। 

बीच नदी में हुई डिलीवरी

जब एम्बुलेंस नहीं आई तो आखिरकार दोनों को बाइक से अस्पताल ले जाना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। मामला हथोड़ा गांव के लोहरी मोहल्ले का है। बता दे मोहल्ले तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को नदी पार करनी पड़ती है। बारिश के दिनों में नदी उफान पर आने से गांव का संपर्क कट जाता है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

नहीं पहुंची एंबुलेंस

ग्रामीण गोपाल विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी भाभी 35 साल की सविता विश्वकर्मा, पति शंकर विश्वकर्मा को गुरुवार शाम अचानक प्रसव पीड़ा तेज हो गई। परिजनों ने एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन गाड़ी गांव तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को खटिया में लिटाकर नदी पार कराना शुरू कर दिया। इसी दौरान रास्ते में ही डिलीवरी हो गई। 

ग्रामीणों ने किसी तरह जच्चा-बच्चा को नदी पार कराया और एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंचा। इसके बाद दोनों को बाइक से अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।