बनारस में एयरपोर्ट रनवे हुआ खराब, 3 फ्लाइट को दूसरे एयरपोर्ट किया डायवर्ट
बनारस में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे में अचानक खराबी आ गई। इसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने मरम्मत का काम शुरू कराया। सुरक्षा के मद्देनजर दोपहर 1 से 3 बजे तक विमानों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। इस दौरान वाराणसी आने वाली 3 फ्लाइट को दूसरे एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा, जबकि 3 उड़ानों को उनके मूल एयरपोर्ट पर ही होल्ड करा दिया गया।
विमानों को किया डायवर्ट
रनवे में खराबी की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक कर विमानों का संचालन रोकने का निर्णय लिया। इसी दौरान दिल्ली से वाराणसी पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 5025 को अयोध्या डायवर्ट कर दिया गया। बताया गया कि विमान बनारस के आसमान में पहुंच चुका था और कुछ देर चक्कर लगाने के बाद उसे अयोध्या भेजा गया। अहमदाबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया। वहीं नवी मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को भी लखनऊ भेज दिया गया।
यात्री हुए परेशान
इसके अलावा अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी आने वाली 3 फ्लाइट को वहीं होल्ड करा दिया गया, जहां से उन्होंने उड़ान भरी थी। फ्लाइट डायवर्ट होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को लेने पहुंचे लोग भी परेशान दिखे। लोग एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचकर उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेते रहे। कई यात्री फोन पर अधिकारियों और अपने परिजनों से जानकारी लेते नजर आए।