उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव

उत्तराखंड में बारिश का कहर , देहरादून में 3 मकान गिरे,80 घरों में घुसा पानी,सड़कें बनीं तालाब, घुटनों तक भरा पानी

उत्तराखंड के सभी जिलों में देर रात से बारिश का दौर जारी है। उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुई है। हेल्गूगाड़ के पास पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण हाईवे बंद हो गया। बोल्डर और मलबा सड़क पर आने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। सूचना मिलते ही बीआरओ की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया।

देहरादून में घरों में घुसा पानी 

80 से ज्यादा घरों में पानी घुसने से 200 से अधिक लोग प्रभावित हैं। वहीं, कारगी क्षेत्र के चानचक में नदी किनारे स्थित तीन मकान ध्वस्त हो गए। हरिद्वार में मेन रोड पर घुटनों तक पानी भर गया, जबकि रुड़की की कई सड़कें तालाब बन गईं। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण 1,400 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। खराब मौसम के चलते बागेश्वर में 12वीं और पिथौरागढ़ में प्री-प्राइमरी से 8वीं तक के स्कूल बंद किए गए हैं।

मौसम विभाग ने अलर्ट किया जारी 

बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत में भी भारी बारिश का अनुमान है, जबकि अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

देहरादून में बारिश जारी

देहरादून में देर रात से बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों के एक-दो दौर होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बारिश का दौर तीव्र से भारी हो सकता है।आज देहरादून का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शहर और आसपास के इलाकों में बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

आगे तीन दिन कैसा रहेगा मौसम…

11 अगस्त- उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में यलो अलर्ट जारी किया है। यहां कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है।

वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

12 अगस्त- देहरादून, टिहरी और बागेश्वर में यलो अलर्ट जारी किया है। यहां कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है।

वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

13 अगस्त- देहरादून, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, राज्य के पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना जताई गई है। लोगों को मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है