उत्तराखंड में मानसून की एंट्री, राफ्टिंग पर रोक
उत्तराखंड में नॉर्थ-ईस्ट से मानसून ने एंट्री कर ली है। सुबह से हरिद्वार को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि मानसून ने दिन के वक्त उत्तराखंड में प्रवेश किया।
नदियां उफान पर, राफ्टिंग पर रोक
देहरादून में सुबह से ही रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। यहां रिस्पना नदी उफान पर है। जगह-जगह जलभराव हुआ है। वहीं नैनीताल में भी सुबह तेज बारिश हुई। वहीं, रुद्रप्रयाग में अलकनंदा का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे संगम की सीढ़ियां डूब गई है। वहीं, ऋषिकेश में गंगा नदी में राफ्टिंग का संचालन बंद कर दिया गया है। मानसून और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए यह प्रतिबंध जुलाई और अगस्त तक लागू रहेगा। राफ्टिंग सेवाएं 1 सितंबर से फिर से शुरू होंगी।
पूरे राज्य में येलो अलर्ट
वहीं नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ में देर रात से बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज राज्य के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए पूरे उत्तराखंड के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। विभाग ने पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।