उत्तराखंड में बारिश में फंसी बस, खाई में गिरी कार, रेस्क्यू टीम ने ऐसे बचाई जान
उत्तराखंड़ में मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने मसूरी-एलकेडी रोड पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की। SDM मसूरी राहुल आनंद के नेतृत्व में हुई इस ड्रिल में भूस्खलन की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।
2 की मौत 2 घायल
मॉक ड्रिल के मुताबिक पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से 20 यात्रियों से भरी एक मिनी बस फंस गई, जबकि एक कार गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार 4 लोगों में से 2 की मौके पर मौत और 2 के गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस, 108 एंबुलेंस, उप जिला चिकित्सालय, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग सहित अन्य विभागों की टीमें मौके पर पहुंची।
टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन
फायर सर्विस और वन विभाग के जवान रस्सियों के सहारे खाई में उतरे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। वहीं लोक निर्माण विभाग ने JCB की मदद से मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया। भारी बारिश के बीच करीब 3 घंटे तक चले इस अभियान में विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय और कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। SDM राहुल आनंद ने बताया कि बरसात के मौसम में भूस्खलन और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इन्हीं परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रदेशभर में मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
जनता से अपील
SDM ने कहा कि इस अभ्यास में सूचना मिलने के 15 मिनट के अंदर सभी प्रमुख विभाग मौके पर पहुंच गए, जिसमें सबसे पहले मसूरी पुलिस और फायर सर्विस ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। यह सभी विभागों की बेहतर तैयारी का प्रमाण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल प्रशासन और पुलिस को जानकारी दें, ताकि राहत-बचाव कार्य बिना देरी के शुरू किए जा सकें। साथ ही स्थानीय लोगों से प्रशासन का सहयोग करने का भी आग्रह किया।
सुनिल सोनकर की रिपोर्ट