चमोली में भारी बारिश के बाद बादल फटने से बड़ा नुकसान, सड़कों पर भरा मलबा
उत्तराखंड के चमोली में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद बादल फटने जैसी घटना हुई, जिससे स्कूल, 8 बड़ी गाड़ियां, एंबुलेंस और मकानों में मलबा घुस गया। भारी बारिश के कारण सिमली-ग्वालदम नेशनल हाईवे पर भी मलबा भर गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सड़कों पर मलबा
सूचना मिलने पर BRO की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मलबा हटाकर यातायात सुबह 10 बजे बहाल किया गया। घटना नारायणबगड़ क्षेत्र की है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में आज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है।
हरिद्वार में बारिश
वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की-हल्की बारिश हो सकती है। पहाड़ी इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया। यहां आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र दौर और 40 से 50 km प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। वहीं, 28 से 30 जून के बीच मानसून पहुंचे सकता है।
खटीमा में सबसे ज्यादा तापमान
वहीं, सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 38°C खटीमा (ऊधम सिंह नगर) में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6°C केदारनाथ में दर्ज किया गया। देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जहां दोपहर बाद कुछ इलाकों में गर्जन वाले बादल विकसित होने और हल्की बारिश होने की संभावना है।