सावन के दूसरे सोमवार पर काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 3.5 लाख से ज्यादा भक्तों ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन
सावन के दूसरे सोमवार को उत्तर प्रदेश के शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। काशी, अयोध्या और प्रयागराज समेत प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हैं। मंदिर परिसरों में लगातार ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंज रहे हैं। वाराणसी के बाबा विश्वनाथ मंदिर में अब तक साढ़े 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
काशी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महाकुंभ जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। मंदिर और घाट की ओर जाने वाली गलियों को वन-वे कर दिया गया है। वहीं, गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण गंगा द्वार को बंद रखा गया है, जिससे अन्य प्रवेश मार्गों पर श्रद्धालुओं का दबाव और बढ़ गया है।
जलाभिषेक के लिए सिर्फ 1 सेकेंड
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की करीब 3 किलोमीटर लंबी कतार लगी हुई है। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भक्तों को जलाभिषेक के दौरान बेहद कम समय दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ पर जल चढ़ाने के लिए महज 1 सेकेंड का समय मिल रहा है।
सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा विश्वनाथ गौरीशंकर स्वरूप में भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। मंदिर के CEO और SDM ने श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। बाबा विश्वनाथ धाम को करीब 50 हजार फूलों से सजाया गया है, जबकि श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह रेड कार्पेट बिछाए गए हैं।
सांसद ने बांटे फल और खिलाई खीर
सावन सोमवार के मौके पर सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कांवड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कांवड़ियों पर फूल बरसाए और अपने हाथों से उन्हें फल बांटे। इस दौरान कांवड़ियों को खीर भी खिलाई गई।
मेरठ में इंफ्लुएंसर शादाब जकाती भी शिवभक्तों के बीच पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों को फल बांटे, उनके साथ सेल्फी ली और गले लगाकर उनका स्वागत किया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली ने युवकों को रौंदा, 2 की मौत
सावन सोमवार के बीच बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। लोधेश्वर महादेवा मंदिर में दर्शन के लिए बाइक से जा रहे तीन युवकों को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे कोतवाल अमित सिंह ने घायल युवक को अपनी गोद में उठाकर गाड़ी तक पहुंचाया। इसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
फर्रुखाबाद में देवर-भाभी की मौत
फर्रुखाबाद में भी कांवड़ यात्रा से लौट रहे देवर-भाभी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। दोनों रविवार देर रात बाइक से कांवड़ में जल भरकर मैनपुरी लौट रहे थे।
इसी दौरान एक बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप दोनों के सिर के ऊपर से गुजर गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रदेशभर में शिवालयों में उमड़ी भीड़
सावन के दूसरे सोमवार पर वाराणसी के बाबा विश्वनाथ मंदिर के अलावा अयोध्या, प्रयागराज, बाराबंकी समेत प्रदेश के तमाम शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। कांवड़िए गंगाजल लेकर शिवालयों में पहुंच रहे हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। काशी में बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।