संभल में ईदगाह और मस्जिद पर चला बुलडोजर, 100 से ज्यादा जवान तैनात
उत्तरप्रदेश के संभल में ईदगाह और मस्जिद पर मंगलवार दोपहर 3 बजे से बुलडोजर चल रहा है। 25 फीट ऊंची ईदगाह की मीनार ढहा दी गई। बाकी हिस्सा तोड़ा जा रहा है। मौके पर पुलिस, PAC और RAF के 100 जवान तैनात हैं। 2 नायब तहसीलदारों और 8 लेखपाल भी मौजूद हैं। आसपास के लोगों के आने पर रोक लगा दी गई।
6 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा
इससे पहले, दोपहर ढाई बजे 2 मकानों को भी तोड़ा गया। इस दौरान अवैध कब्जा करने वाले लोगों ने विरोध किया। इसपर तहसीलदार ने उन्हें बैनामा दिखाने और कोर्ट में पक्ष रखने को कहा। प्रशासन का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है। 6 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। इसमें 4 बीघा जमीन कब्रिस्तान की है। इसी पर 70 वर्गमीटर हिस्से में ईदगाह और मस्जिद बना दी गई थी। वहीं, बाकी 2 बीघा जमीन गांव की एक महिला की है, जिस पर 2 लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया था। मामला असमोली थाना इलाके के गांव मढ़न का है।
ईदगाह और मस्जिद को हटाने का निर्देश
बता दे जनवरी- 2026 में ग्रामीणों ने तत्कालीन DM राजेंद्र पैंसिया से सरकारी कब्रिस्तान की जमीन पर बनी ईदगाह और मस्जिद की शिकायत की थी। उन्होंने पैमाइश कराई, जिसमें निर्माण अवैध मिला। इसके बाद 21 अप्रैल, 2026 को तहसीलदार कोर्ट ने ईदगाह और मस्जिद को हटाने का निर्देश दिया था। बुलडोजर एक्शन से पहले अवैध रूप से बने मकानों से लोगों ने खुद अपना सामान निकाल लिया था।