UP में भारी बारिश से बाढ़, नदियां उफान पर, घरों में घुसे मगरमच्छ
पहाड़ों पर भारी बारिश से UP में नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना समेत 10 नदियों का पानी तेजी से बढ़ रहा है। इनमें घाघरा-शारदा समेत 4 नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही है। बलिया में सरकारी स्कूल और मकान सरयू नदी में समा गया। गोंडा में 100 बीघा से ज्यादा फसल पानी में डूब गई। लोग नदी किनारे बने अपने कच्चे मकानों को तोड़कर बांस-बल्लियां, ईंटे समेट रहे हैं।
घरों में घुसे मगरमच्छ
सरयू और घाघरा में उफान की वजह से सीतापुर, पीलीभीत, लखीमपुर और बहराइच के गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। पानी के साथ बहकर आ रहे मगरमच्छ लोगों के घरों में घुस रहे हैं। मेरठ में जोरदार बारिश की वजह से मेडिकल कॉलेज में पानी घुस गया। टीबी OPD में पानी भरने की वजह से उसे बंद करना पड़ा।
25 जिलों में बारिश का अलर्ट
इधर, रविवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी, आगरा समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी-प्रयागराज समेत 8 जिलों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इससे पहले, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ समेत 20 शहरों में बारिश हुई। कानपुर में गलियां तालाब बन गईं। मेरठ में मेडिकल कॉजेल में पानी भर गया। OPD के गेट पर घुटनों तक पानी भरने से मरीज बाहर निकल गए। ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में डूबकर 6 साल के बच्चे की मौत हो गई।