देवघर सदर अस्पताल में प्रसूता की मौत पर हंगामा, नर्स की लापरवाही से से जान जाने का आरोप, जांच समिति गठित
शुवेंदु गुप्ता/न्यूज 11 भारत
देवघर/डेस्क: रविवार को सदर अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रसव के बाद एक गर्भवती महिला की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और नर्स पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया.
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह प्रसव पीड़ा के बाद महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने सुरक्षित रूप से एक बच्चे को जन्म दिया. लेकिन बच्चे के जन्म के कुछ ही देर बाद महिला को अचानक तेज दर्द हुआ. ड्यूटी पर तैनात नर्स ने उसे एक इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी.
स्थिति गंभीर होते देख अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया, किंतु वहां पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई. इसके बाद परिजन मृतका का शव लेकर फिर से सदर अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया. उनका कहना था कि यदि नर्स और डॉक्टर समय पर सही उपचार करते, तो महिला की जान बचाई जा सकती थी.
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में अफरातफरी मच गई. परिजनों के आरोपों के बाद जिले के सिविल सर्जन डॉ. युगल किशोर चौधरी ने तत्काल तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है. उन्होंने कहा कि दो से तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्राप्त हो जाएगी. यदि किसी भी स्वास्थ्यकर्मी या चिकित्सक की लापरवाही पाई गई, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि देवघर के सरकारी और निजी अस्पतालों में लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग के बार-बार निर्देश देने के बावजूद कुछ कर्मियों की मनमानी और उदासीनता रुकने का नाम नहीं ले रही है.
अब देखना यह होगा कि इस ताजा घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग कितनी सख्ती दिखाता है और क्या इस लापरवाही पर कोई ठोस कार्रवाई होती है, या यह मामला भी महज जांच फाइलों में सिमटकर रह जाएगा
यह भी पढ़ें: तमाड़ में सामूहिक दुष्कर्म कांड का खुलासा. चार गिरफ्तार. दो बालक निरूद्ध