सासाराम में ईवीएम स्ट्रांग रूम पर हंगामा, ट्रक घुसने से बढ़ा विवाद
विकास कुमार/न्यूज़11 भारत रोहतास/डेस्क: रोहतास जिले के सासाराम में बीती देर रात तकिया बाजार समिति परिसर स्थित ईवीएम स्ट्रांग रूम के बाहर उस समय हंगामा मच गया, जब परिसर में उत्तर प्रदेश नंबर वाला एक ट्रक घुस गया. ट्रक को देखकर वहां मौजूद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया.
प्रत्याशियों का आरोप था कि देर रात ट्रक का अंदर घुसना संदिग्ध है और ईवीएम मशीनों में छेड़छाड़ तथा वोट चोरी का भी आरोप लगाया. साथ ही विरोध करने पर लाठीचार्ज करने का भी आरोप लगाया हैं. इस दौरान कई राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे.
वहीं, जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ट्रक में केवल खाली टीन के बक्से थे, जिनमें मतगणना के बाद ईवीएम मशीनों को रखा जाता हैं. उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम पूरी तरह सुरक्षित है और किसी तरह की छेड़छाड़ संभव नहीं हैं. रोहतास एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मारपीट या लाठीचार्ज की घटनाओं से इंकार किया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया हैं.