हरियाणा के उझाना गांव में स्थित प्राचीन मठ में नवन

संत दिखाते हैं सत्य, सेवा और देशप्रेम का रास्ता : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

नरवाना। गांव उझाना स्थित करीब 600 वर्ष पुराने श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाकनाथ महाराज मठ में सोमवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मठ के नवनिर्मित समाधि स्थल पर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुआ।

समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंदिर में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया और यज्ञ में पूर्णाहुति देने के साथ मंदिर परिसर में ध्वजारोहण भी किया।

संत-महापुरुष समाज को दिखाते हैं सही मार्ग

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत-महापुरुष समाज को सत्य, सेवा, समरसता और राष्ट्रभक्ति का मार्ग दिखाते हैं। उनके जीवन मूल्य आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि किसी महापुरुष की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह सत्य, करुणा, सेवा और सद्भाव को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी है।

सदियों से आस्था का केंद्र है प्राचीन मठ

मुख्यमंत्री ने कहा कि उझाना का प्राचीन मठ सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। करीब 600 वर्ष पुराने इस धार्मिक स्थल से लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है।

इस अवसर पर महंत योगी बालकनाथ ने मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म बताते हुए लोगों से संतों द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, महंत राजनाथ, महंत पूर्णनाथ सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में नजर आया।