ऊंची दुकान, फीका पकवान ये मुहावरा की अन्य संदर्भों

ऊंची दुकानों के फीके पकवानों की असलियत सामने आने से हड़कम्प !

 नामी ब्रांडों की मिठाइयों में निकला खराब मावा

लेकिन राजधानी लखनऊ और कानपुर के नामी गिरामी मिष्ठान्न प्रतिष्ठानों के जहरीले उत्पादों की वास्तविकता सामने आने से अभिजात्य वर्ग में हड़कम्प मचा है! राजधानी लखनऊ में छप्पन भोग, राधेलाल क्लासिक, मधुरिमा, नीलकंठ, सियाराम, श्याम स्वाद जैसे मिष्ठान प्रतिष्ठानों का बड़ा नाम है। इन प्रतिष्ठानों की मिठाईयों और अन्य उत्पादों की कीमत काफी ऊंची होती हैं। इनके उत्पादों को खरीदना व गिफ्ट देना वैभव और शानोशौकत का प्रतीक माना जाता है। लेकिन ये सारे नामी-गिरामी प्रतिष्ठान लोगों के भरोसे से छल करते हुए निम्नस्तरीय या कहें कि जहरीले मावा से निर्मित मिठाईयों की बिक्री कर रहे थे। उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ चलाये गये अभियान में इसका खुलासा हुआ है। 

 लाखों का माल जब्त और नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार "छप्पन भोग"  के गोदाम में  छापेमारी के दौरान करीब 36 कुंतल का माल खराब निकला जिसे सीज किया गया है। "छप्पन भोग" लखनऊ का सबसे अच्छा मिष्ठान प्रतिष्ठान माना जाता है। "छप्पन भोग" विदेशों तक में अपने उत्पाद ऐप के जरिये बेचने का दावा करता है। साथ ही एक अन्य बड़े प्रतिष्ठान "नीलकंठ स्वीट्स" का 255 किलोग्राम खराब माल नष्ट कराया गया। इसके अलावा "श्याम स्वाद" का भी कई कुंतल माल नष्ट कराया गया। "राधेलाल क्लासिक" (महानगर), सियाराम स्वीट्स (विशाल खण्ड गोमती नगर) आदि को बंद कराने के आदेश दिया गया है। जबकि कई अन्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया है। विभाग द्वारा कानपुर तक अभियान चलाया गया। लखनऊ में 10 नामी मिठाई दुकानों पर मारा छापामार गया। 

राजधानी में नामी गिरामी प्रतिष्ठानों से हाल के त्योहारी सत्र में अधोमानक मिठाईयों, चाकलेट आदि की बिक्री की शिकायतों के बाद राज्य का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आज नींद से जागा और छापेमारी की व्यापक कार्रवाई को अंजाम दिया। बुधवार को आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार जनपद लखनऊ में प्रदेश स्तरीय 10 विशेष प्रवर्तन खाद्य सचल दल द्वारा मिठाई विनिर्माण इकाइयों का विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया।  अभियान के दौरान मोती महल, रिट्ज, राधेलाल क्लासिक, मधुरिमा, नीलकंठ, सियाराम, महालक्ष्मी, श्याम स्वाद, कंचन जैसे प्रतिष्ठानों की जांच की गयी। अभियान के दौरान राजधानी के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों में हाइजीन एवं सेनेटरी कंडीशन संबंधी स्थितियों की जाँच की गयी तथा आवश्यक सुधार सूचनाएं निर्गत की गयी। साथ ही प्रवर्तन कार्यवाहियों को सम्पादित कराई गयी।

 कई दुकानों पर ताले, नोटिस जारी

सहायक खाद्य आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रमुख कार्यवाहियों में छप्पन भोग, नादरगंज विनिर्माण इकाई में 8 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। मिस ब्रांडेड, मिथ्याछाप तथा अधोमानक उत्पादों, मात्रा 36.64 कुन्टल मूल्य 14,40,000/- को सीज किया गया। साथ ही 10 किलो रंगीन पेठा मूल्य रू. 4000/- नष्ट कराया गया। उक्त प्रतिष्ठान पर कतिपय संदिग्ध खाद्य पदार्थ जनपद कानपुर नगर में विनिर्मित पाये गये। जिसके क्रम में एफएसडीए टीम ने जनपद कानपुर नगर में भी सम्बन्धित प्रतिष्ठान पर देर रात तक कार्रवाई प्रचलित है। उक्त प्रतिष्ठान को स्वच्छता एवं सेनेटरी स्थिति में कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना भी निर्गत की गयी है। इसके अलावा श्याम स्वाद, अलीगंज में लगभग 3 क्विंटल काजू एवं मिठाई मू. रू. 3,60,000/- नष्ट करायी गयी तथा 02 नमूने संग्रहीत किये गये तथा उक्त प्रतिष्ठान को स्वच्छता एवं सेनेटरी स्थिति में कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना भी निर्गत की गयी है। इसके साथ ही नीलकंठ स्वीट्स, कामता चौराहा पर भी 255 किलो कालातीत मिठाई जिसका मूल्य रू. 2,29,500/- का विनष्टीकरण कराया गया तथा उक्त प्रतिष्ठान को स्वच्छता एवं सेनेटरी स्थिति में कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना भी निर्गत की गयी है। कंचन स्वीट्स, इंदिरा नगर में 30 किलो कालातीत मिठाई मूल्य रू. 24000/- का नष्टीकरण कराया गया तथा उक्त प्रतिष्ठान को स्वच्छता एवं सेनेटरी स्थिति में कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना भी निर्गत की गयी है। महालक्ष्मी स्वीट्स पर खाद्य अनुज्ञप्ति न पाये जाने पर उक्त प्रतिष्ठान बन्द कराये जाने की विधिक कार्यवाही सम्पादित की जा रही है तथा उक्त प्रतिष्ठान को स्वच्छता एवं सेनेटरी स्थिति में कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना भी निर्गत की गयी है। सीयाराम स्वीट्स विशाल खण्ड, गोमती नगर पर अत्याधिक गन्दगी तथा खाद्य पदार्थों को रखने वाले कन्टेनर में साफ-सफाई की स्थिति अत्यन्त खराब होने के कारण प्रतिष्ठान में खाद्य संचालन पर रोक लगाते हुए खाद्य प्रतिष्ठान बन्द करने की कार्यवाही की जा रही है। राधेलाल क्लासिक में भी साफ-सफाई की स्थिति खराब होने तथा स्वच्छता मानकों के पालन न पाये जाने की स्थिति में सुधार सूचना निर्गत की गयी है तथा प्रतिष्ठान के खाद्य कारोबार संचालन पर रोक लगाने की कार्यवाही की जा रही है। मधुरिमा स्वीट्स में भी साफ-सफाई की स्थिति खराब होने तथा स्वच्छता मानकों के पालन न पाये जाने की स्थिति में सुधार सूचना निर्गत की गयी है। इसके अतिरिक्त राधेलाल क्लासिक से 04 नमूने, मधुरिमा से 04 नमूने, सियाराम से 03 नमूने, श्याम स्वाद से 02 नमूने, संग्रहीत किया गये तथा इन सभी प्रतिष्ठानों को उक्त प्रतिष्ठान को स्वच्छता एवं सेनेटरी स्थिति में कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना भी निर्गत की गयी है। इस प्रकार सम्पूर्ण कार्यवाही में कुल 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 21 नमूने संग्रहीत किये गये तथा 36.64 कुन्टल सन्दिग्ध खाद्य सामग्री मूल्य रू. 14,40,000/- जब्त किया गया। लगभग 595 किलो मानव उपभोग के लिए अनुपयूक्त मिठाई मूल्य रू. 6,17,500/- नष्ट कराया गया। उपरोक्त सभी प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं सेनेटरी स्थिति में कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना जारी की गई है तथा सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित समयावधि में सुधार के लिए निर्देशित किया गया है। समय सीमा उपरांत पुनः निरीक्षण किया जायेगा तथा सुधार न किये जाने की दशा में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई करने की चेतावनी जारी की गयी है।

 

यह भी पढ़े: शेख हसीना के लगातार इण्टरव्यू से बांगलादेश खफा

https://www.primenewsnetwork.in/india/bangladesh-upset-over-sheikh-hasinas-frequent-interviews/97485