हुसैनाबाद नगर पंचायत के कार्यालय बदलते रहे, फिर भी विकास के मामले में है काफी उपेक्षित - रामेश्वर राम
न्यूज़ 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद नगर पंचायत में नगर पंचायत के केवल कार्यालय बदलते रहे हैं, परंतु विकास कार्यों की गति आजतक नहीं मिली. साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर आरोप और नाराजगी का स्वर भी तेज होता जा रहा है. नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर राम उर्फ छठन राम ने बुधवार को अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर जानकारी दी. उन्होंने हुसैनाबाद नगर पंचायत की वर्तमान व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न उठाए हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों से नगर निकाय स्तर पर लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर किया जा रहा है और हुसैनाबाद नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा तानाशाही तरीके से निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे आम जनता एवं व्यवसायिक वर्ग अनावश्यक परेशानियों का सामना कर रहा है. पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर राम उर्फ छठन ने प्रेसवार्ता में कई अहम मुद्दों को उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को अब तक लंबित किस्तें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं, जिससे लाभुकों में निराशा और रोष है. उन्होंने यह भी सवाल पूछा कि नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति महीने में केवल कुछ दिनों तक ही क्यों होती है, जबकि हजारों परिवारों के लिए जलापूर्ति करने वाला गुलबाग नदी स्थित पंप हाउस लगभग एक वर्ष से बंद पड़ा है.
उन्होंने आगे कहा कि नगर पंचायत कार्यालय में सैकड़ों भवन निर्माण नक्शे काफी समय से लंबित पड़े हैं, फिर भी निर्माण कार्य रोककर लोगों को परेशान किया जा रहा है, वहीं वार्डों में लंबे समय से बंद पड़े चापाकलों की मरम्मत न होना और बंद पड़ी हाई-मास्ट लाइटों की मरम्मति में लापरवाही पर भी उन्होंने सवाल उठाया. रामेश्वर राम उर्फ छठन ने हाल ही में आवंटित हाई-मास्क लाइटों को मुख्य सड़कों एवं ओवरब्रिज पर नहीं लगाए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की. साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था केवल मुख्य सड़कों तक सीमित है और अन्य गलियों को नजरअंदाज किया जा रहा है.
आगे उन्होंने कहा कि जब तक नगर पंचायत प्रशासन लंबित कार्यों को पूरा नहीं करता हैं, तब तक टैक्स वसूली उचित नहीं है. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनता की समस्याओं को समझते हुए तत्परता से कार्रवाई करेगा.आज नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क नाली, लाईट, साफ-सफाई के मामले में काफी उपेक्षित हैं. उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो चरण वद्ध आन्दोलन का शंखनाद किया जाएगा
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद प्रखंड कार्यालय में बीडीसी की बैठक में विकास योजनाओं की हुई समीक्षा