50 बेड वाले फेब्रिकेटेड अस्पताल का निरीक्षण, जल्द

बहुत जल्द होगा बुंडू में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का शिलान्यास - विधायक विकास कुमार मुंडा

अमित दत्ता/न्यूज11  भारत

बुंडू/डेस्क: तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विकास कुमार मुंडा ने सोमवार को बुंडू में निर्मित 50 बेड वाले फेब्रिकेटेड अस्पताल का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि अस्पताल का कार्य पूरा हो चुका है और बहुत जल्द इसका उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा. विधायक मुंडा ने कहा कि इस अस्पताल के शुरू हो जाने से बुंडू एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब इलाज के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर राज्य सरकार गंभीर है और ग्रामीण इलाकों में बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं.

निरीक्षण के दौरान विधायक ने यह भी घोषणा की कि बहुत जल्द बुंडू में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा. उन्होंने गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए बताया कि अस्पताल में 4D अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे प्रसूति जांच अब बुंडू में ही संभव हो सकेगी.

इस अवसर पर उनके साथ प्रदीप कुमार मुंडा, बासु सेठ, मनोज मंडल, अरविंद कुमार, ऋषिकेश महतो, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार पासवान, अमन जायसवाल सहित कई लोग मौजूद थे. विकास कुमार मुंडा ने कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि बुंडू के हर घर को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले. इस फेब्रिकेटेड अस्पताल के शुरू हो जाने से यहां के लोगों को प्राथमिक और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं समय पर उपलब्ध होंगी. सरकार की कोशिश है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएं ताकि लोग अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण इलाज पा सकें.”

यह भी पढ़ें: रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी के नेतृत्व में बरवाडीह स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान, दो दर्जन बिना टिकट यात्री पकड़े गये