झारखंड

तमाड़ प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, दिए कई सख्त निर्देश

अमित दत्ता /न्यूज11  भारत

बुंडू/डेस्क: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को तमाड़ प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेखों, जनशिकायत निवारण व्यवस्था, पेंशन योजनाओं और भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि कार्यालयों में समयपालन एवं अनुशासन सर्वोपरि है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय में किसी भी प्रकार के बिचौलियों की भूमिका नहीं होनी चाहिए, और अगर किसी भी स्तर पर बिचौलिया गतिविधि पाई जाती है तो कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.

उपायुक्त ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि भूमि संबंधी मामलों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े. उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को अनावश्यक परेशानी होती है, तो उस पर तुरंत संज्ञान लिया जाएगा.

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर देते हुए श्री भजन्त्री ने कार्यालय में उपस्थित लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित के सभी मामलों में पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए.

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए उपायुक्त ने कहा कि वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं के लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुँचने चाहिए. अगर कोई पात्र व्यक्ति वंचित है तो उसका नाम जल्द जोड़ा जाए.

इसके साथ ही उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अबुआ आवास योजना के लाभुकों को राशि का ससमय भुगतान किया जाए. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेघर लोगों को आवास देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय की साफ-सफाई और व्यवस्था पर भी असंतोष जताया और सुधार के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आनेवाले नागरिकों को साफ-सुथरा और सुगठित वातावरण मिलना चाहिए.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त श्री भजन्त्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा हाईवे निर्माण हेतु अधिग्रहीत भूमि का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी श्री किस्टो बेसरा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के. के. राजहंस, उप समाहर्ता भूमि सुधार श्रीमती छवि बाला बारला, अंचल अधिकारी बुण्डू श्री हंस हेमरोम, प्रखंड विकास पदाधिकारी तमाड़ श्रीमती सावित्री कुमारी, अंचल अधिकारी तमाड़ श्री समरेश भंडारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: दरभंगा: मां हैयहट भगवती मंदिर में बड़ी चोरी, लाखों के जेवरात और दान पेटी ले उड़े अपराधी