झारखंड

पंचपरगना का सबसे बड़ा आयोजन: बुंडू के ताऊ मैदान में होगा भव्य रावण दहन सह आतिशबाजी

अमित दत्ता/न्यूज11  भारत

बुंडू/डेस्क: पंचपरगना रावण दहन समिति बुंडू की ओर से गुरुवार 2 अक्टूबर की संध्या ताऊ मैदान में भव्य रावण दहन सह आतिशबाजी का आयोजन होगा. इस कार्यक्रम का शुभारंभ तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा द्वारा किया जाएगा. वे मैदान में स्थापित रावण के पुतले पर तीर चला कर उसे अग्नि के हवाले करेंगे. आयोजन को लेकर समिति और प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

रावण दहन के साथ आतिशबाजी का अनोखा आयोजन

यह आयोजन पंचपरगना क्षेत्र का एकमात्र ऐसा अवसर है, जहां रावण दहन के साथ भव्य आतिशबाजी भी होती है. ताऊ मैदान आतिशबाजी की रोशनी से पूरी तरह जगमगा उठेगा. लोगों की भीड़, शोरगुल और पटाखों की गूंज से पूरा वातावरण उत्साह से भर जाएगा.

इस मौके पर तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने बताया-

"हर वर्ष दशहरा पर रावण दहन का यह भव्य आयोजन किया जाता है. पहले लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे लेकिन अब परिवार और बच्चों के साथ यहां आकर इस पर्व का आनंद ले रहे हैं. दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है. मैं समस्त क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं.

बता दें कि रावण दहन सह आतिशबाजी के कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है.ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष योजना बनाई गई है.मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी.अग्निशमन वाहन भी मैदान में उपलब्ध रहेंगे.

कार्यक्रम में हजारों लोग बनेंगे साक्षी

समिति ने पूरे पंचपरगना क्षेत्र के लोगों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. गुरुवार की शाम हजारों की संख्या में लोग ताऊ मैदान पहुंचकर इस भव्य क्षण के साक्षी बनेंगे. पूरा मैदान लोगों के उत्साह और आतिशबाजी की जगमगाहट से भर जाएगा.

यह भी पढ़ें: ब्रह्माकुमारीज संस्था की सेवा समाज का उत्थान करेगी, भाई-बहनों का त्याग ही सतयुगी सृष्टि लायेगा - मनीष जायसवाल