रिकर्व तीरंदाजी में बिरसा मुंडा तीरंदाजी एकेडमी की सुरभि ने जीता रजत
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: 42वीं एनटीपीसी सब जूनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से खेलते हुए बिरसा मुंडा तीरंदाजी अकादमी की प्रशिक्षु सिल्ली स्पोर्ट्स एकेडमी के सदस्य मुरी निवासी अमर पाल की सुपुत्री सुरभि पाल ने रिकर्व डिविजन के व्यक्तिगत एकल स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर राज्य और सिल्ली का नाम रोशन किया. ज्ञात हो कि 22 से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित यह नेशनल अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में आयोजित है, जिसमें अकादमी की ओर से सुरभि पाल, मनीषा कुमारी, अश्विन साहू प्रतिभागी के रूप में हिस्सा ले रहे हैं. जिसमें सुरभि पाल ने व्यक्तिगत एकल स्पर्धा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर फाइनल में जगह बनाई और रजत पदक जीता. इस बड़ी जीत पर अकादमी की अध्यक्ष नेहा महतो, मुख्य संरक्षक सुदेश कुमार महतो के साथ-साथ सभी कोच और प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है. सुरभि पाल इस वर्ष होने वाले सभी नेशनल तीरंदाजी टीम, सब जूनियर, जूनियर और सीनियर में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाली है. हाल ही में आयोजित स्टेट चैंपियनशिप जमशेदपुर में चार गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का खिताब हासिल किया था. सब जूनियर की खिलाड़ी होने के बावजूद जूनियर और सीनियर में अपना बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड टीम में स्थान सुनिश्चित किया है. ये भी पढ़ें- नरेंद्र नारायण यादव बनाए गए बिहार विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने दिलाई शपथ