स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी का बड़ा फैसला, ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष OPD शुरू
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष OPD शुरू करने का बड़ा फैसला किया है. मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी द्वारा लिया गया यह ऐतिहासिक निर्णय ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मान और समान स्वास्थ्य अधिकार देने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है. राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए विशेष ओपीडी (OPD) सेवाएँ शुरू की जा रही हैं, जहाँ उन्हें बिना किसी भेदभाव के सम्मानजनक ढंग से जांच, परामर्श और इलाज मिल सकेगा. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा “सम्मान स्वास्थ्य सेवा” व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसके तहत ट्रांसजेंडर समुदाय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष चिकित्सा सेवाएँ और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. सभी अस्पतालों के डॉक्टर, नर्स और स्टाफ को ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता और पेशेवर व्यवहार के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उनकी गरिमा और अधिकार सुरक्षित रहें. सरकार ने निर्देश जारी किए हैं कि यह पूरी व्यवस्था शीघ्रतम प्रभाव से लागू की जाए, ताकि ट्रांसजेंडर समुदाय को तुरंत राहत, सम्मान और समर्पित चिकित्सा सेवा मिल सके.