मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अररिया में सहयोग शिविर

CM सम्राट ने सहयोग शिविर में भाग लिया, फारबिसगंज में एअरपोर्ट-अररिया को मिलेंगे मेडिकल कॉलेज

CM सम्राट ने सहयोग शिविर में भाग लिया

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड स्थित हरिपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लिया। इस दौरान CM सम्राट ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। सरकार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का निवारण कर रही है, ताकि हर नागरिक को वक्त पर न्याय मिल सके। 

अधिकारियों को नोटिस

मुख्यमंत्री चौधरी ने बताया कि प्रदेश में अब तक 4,53,062 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 4,25,660 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। अररिया में प्राप्त 7,130 आवेदनों में से 6,845 का निस्तारण हो चुका है, जबकि 285 आवेदन लंबित हैं। हरिपुर पंचायत में प्राप्त 259 आवेदनों में से 245 का निष्पादन हो चुका है और 14 आवेदन लंबित हैं। CM ने बताया कि लंबित मामलों में जवाबदेही तय करने के लिए संबंधित अधिकारियों को नोटिस भी जारी किए गए। CM ने घोषणा की कि हर महीने के दूसरे मंगलवार को पटना में स्वयं उन मामलों की समीक्षा करेंगे, जिनका समाधान सहयोग शिविर में नहीं हो पाया है या जिनमें आवेदक को आदेश पर आपत्ति है। 

कॉमर्शियल वाहनों को देना होगा टोल टैक्स

CM ने कहा कि स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि निजी वाहनों से कोई टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। केवल कॉमर्शियल वाहनों को ही टोल टैक्स देना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है और सौर ऊर्जा से अतिरिक्त बिजली उत्पादन करने वाले परिवारों को सरकार सीधे बैंक खाते में राशि देगी। 

छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं

मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि 15 जुलाई तक राज्य के शेष 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी। सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। ग्रामीण हाई स्कूलों में भी कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 1.81 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है और जिन लाभार्थियों के खातों में राशि नहीं पहुंची है, उन्हें इसी महीने भुगतान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक स्वीकृति पत्र और चेक भी वितरित किए।