आरपीएफ हटिया और फ्लाइंग टीम रांची ने मिलकर हटिया स्टेशन से साढ़े ग्यारह लाख का गांजा किया बरामद
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: आरपीएफ रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ हटिया और फ्लाइंग टीम रांची द्वारा कल हटिया रेलवे स्टेशन में संयुक्त कार्रवाई के दौरान बड़ी सफलता हासिल की गई. ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह और फ्लाइंग टीम ने संदिग्ध रूप से बैठे दो व्यक्तियों की जांच की, जिनके बैगों से प्लास्टिक में पैक कुल 23 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. जिसकी अनुमानित कीमत ₹11,50,000 है. आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त, रांची अशोक कुमार सिंह की उपस्थिति में सभी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए चारों पैकेटों की DD किट से जांच की गई, जो पॉजिटिव पाए गए. बाद मे उक्त गांजे को जब्त कर उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी हटिया को सुपुर्द कर दिया गया. इस कार्रवाई में आरपीएफ हटिया के उपनिरीक्षक एस.के. सिंह तथा फ्लाइंग टीम रांची के स्टाफ दिनेश प्रसाद, आर.के. सिंह, हेमंत और वी.एल. मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
यह भी पढ़े: हसनपुर हादसा: सीसीटीवी से खुली सच्चाई, तेज रफ्तार में बैलगाड़ी से टकराकर लैब संचालक की मौत