News11, News11 News, News11 Bharat, Bihar, Bihar N

राजद की कोर कमिटी की बैठक खत्म, तेजस्वी यादव मीटिंग से निकल कर दिल्ली रवाना

न्यूज11  भारत

पटना/डेस्क: राजद कोर कमिटी की मैराथन चली बैठक समाप्त हो गयी है. मीटिग इसलिए आहूत की गयी थी कि सीटों के बंटवारे के मामले को सुलझा लिया जाये,लेकिन लगता है, सीट शेयरिंग में अभी कोई न कोई पेंच अटका हुआ है. तभी राजद प्रमुख तेजस्वी यादव मीटिंग समाप्त होने के बाद वहां से सीधे दिल्ली के लिए निकल गये.   यह बैठक पटना में राबड़ी देवी के आवास पर हो रही थी. बैठक लालू यादव के नेतृत्व में हुई जो लगभग 2 घंटे तक चली. उम्मीद थी कि इस मैराथन बैठक में सीटों के मसले को सुलझा लिया जायेगा, लेकिन लगता है ऐसा नहीं हो सका है. इसलिए तेजस्वी यादव राबड़ी आवास से निकल कर दिल्ली के लिए रवाना हो गये.

राबड़ी देवी के आवास पर हुई बैठक भाग लेने के लिए पार्टी के कई बड़े नेता पहुंचे थे. बैठक में लालू प्रसाद, तेजस्वी के साथ संजय यादव, पूर्व सांसद महबूब अली कैसर भी मौजूद थे. इनके अलावा पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत, पूर्व मंत्री अनीता देवी, पूर्व मंत्री शमीम अहमद और पार्टी प्रदेश महासचिव रणविजय साहू भी पहुंचे थे.

हालांकि बैठक शुर होने से पहले आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष मंगलीलाल मंडल ने कहा था कि टिकट को लेकर बैठक बुलाई गयी है. इसकी अध्यक्षता लालू प्रसाद यादव करेंगे, उम्मीद है आज सब कुछ फाइनल हो जायेगा.

राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद पार्टी के प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ तेजस्वी यादव जी की बैठक हुई है. इसमें गठबंधन को लेकर चर्चा हुई है.

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल का सब कुछ स्पष्ट हो चुका है. कुछ ही क्षण में ऐलान हो जाएगा. महागठबंधन एकजुट है और महागठबंधन के लोग मिलकर सरकार बनाएंगे.

यह भी पढ़ें: कद्दावर नेता और पूर्व सांसद अरुण कुमार बेटे ऋतुराज के साथ JDU में हुए शामिल