राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जयपुर हवाई

CM भजनलाल का भव्य स्वागत, यमुना जल समझौते पर हुआ MOU

राजस्थान में मुख्यमंत्री का स्वागत

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जयपुर हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। एक दिन पहले ही राजस्थान और हरियाणा के बीच यमुना जल समझौते के क्रियान्वयन के लिए MOU पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिससे प्रदेश के जल संकटग्रस्त शेखावाटी क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान-हरियाणा के बीच MOU

मुख्यमंत्री शर्मा मंगलवार को नयी दिल्ली से लौटे, जहां साल 1994 के अपर यमुना नदी बोर्ड (UYRB) समझौते के क्रियान्वयन के लिए राजस्थान और हरियाणा के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। हवाई अड्डे पर BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और बड़ी संख्या में BJP कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से शेखावाटी क्षेत्र से आए लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

CM का हुआ स्वागत

टर्मिनल भवन से बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल ने हवाई अड्डे के बाहर बनाए गए विशेष मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने उनका माल्यार्पण किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद मुख्यमंत्री ई-बस से BJP प्रदेश मुख्यालय के लिए रवाना हुए। रास्ते में गांधी सर्किल और रामबाग सर्किल पर भी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

CM ने बताया ऐतिहासिक दिन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दिन को राजस्थान के लिए ‘ऐतिहासिक दिन’ बताया। उन्होंने कहा, ‘जब राजस्थान में हमारी सरकार बनी तो सबसे पहले प्रदेश के विकास की रूपरेखा तैयार की गयी। सभी की मांग थी कि यदि राजस्थान को पर्याप्त पानी मिलेगा तो प्रदेश तेजी से आगे बढ़ेगा। हमारे किसानों को सिंचाई के लिए, उद्योगों को उत्पादन के लिए और आम जनता को पेयजल के लिए पानी चाहिए।’