रायपुर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा: राज्यपाल रमेन डेका और CM विष्णुदेव साय ने निभाई छेरा-पहरा की परंपरा
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक 'छेरा-पहरा' की रस्म निभाते हुए सोने की झाड़ू से रथमार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण भी किया।
पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया
वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को विशेष विधि-विधान के साथ मंदिर से रथ तक लाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोकपरंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह महापर्व समाज को सेवा, समर्पण, समानता और लोककल्याण का संदेश देता है।
प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान जगन्नाथ को किसानों का आराध्य बताते हुए प्रदेश में अच्छी वर्षा, समृद्ध कृषि और किसानों की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि समय पर वर्षा होने से खेतों में हरियाली आएगी, फसल अच्छी होगी और प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।
रायपुर में यह रथयात्रा हर वर्ष पुरी की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित की जाती है। ओडिशा का पड़ोसी राज्य होने के कारण छत्तीसगढ़ में भगवान जगन्नाथ के प्रति विशेष आस्था है। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।