हैदरनगर में निजी अस्पतालों व पैथोलॉजी पर छापेमारी, दो सील, एक का संचालक फरार
न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू उपायुक्त समीरा एस के आदेशानुसार और मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह असैनिक शल्य चिकित्सक के निर्देश पर बुधवार को हैदरनगर प्रखंड क्षेत्र में निजी अस्पतालों एवं पैथोलॉजी पर छापेमारी अभियान चलाया गया. इस अभियान के लिए गठित दल में हैदरनगर के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ज्योतिष कुमार, अंचल अधिकारी सह दंडाधिकारी संतोष कुमार, थाना प्रभारी अफजल अंसारी सहित पुलिस बल शामिल था. छापेमारी दल ने सबसे पहले हाई स्कूल हैदरनगर रोड स्थित एक गुमनाम स्तर पर संचालित पैथोलॉजी केंद्र पर कार्रवाई की, जहाँ संचालक की अनुपस्थिति और आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण पैथोलॉजी को सील कर दिया गया.
इसके बाद हैदरनगर–मोहम्मदगंज मुख्य मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के समीप रहमान क्लिनिक पर कार्रवाई की गई. यह क्लिनिक पिछले दो वर्षों से बिना मान्यता के संचालित हो रहा था, जहाँ फिजिशियन और सर्जन का बोर्ड लगाकर ग्रामीणों का इलाज किया जा रहा था. आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर रहमान क्लिनिक को भी सील कर दिया गया. इसी दौरान पास ही संचालित खुशबू हॉस्पिटल पर प्रशासनिक टीम ने दूसरी बार छापेमारी की, परंतु संचालक मौके से फरार हो गए.
बताया जाता है कि यह अस्पताल भी बिना वैध अनुमति के संचालित किया जा रहा था और यहाँ मरीजों को बिचौलियों के माध्यम से फंसाया जाता था. आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने के कारण अस्पताल की जांच जारी है. अंचल अधिकारी सह दंडाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कई संस्थान फर्जी चिकित्सकों द्वारा संचालित पाए गए हैं. बिना मेडिकल डिग्री और सर्जन की मौजूदगी के अस्पताल चलाना गंभीर अपराध है. उन्होंने कहा कि यह अभियान जीवन सुरक्षा की दृष्टि से जारी रहेगा और अवैध रूप से संचालित सभी निजी अस्पतालों एवं पैथोलॉजी केंद्रों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.प्रशासन अब इन अस्पतालों के संचालक एवं कथित चिकित्सकों को तलब कर पूछताछ की तैयारी में है. गौरतलब है कि इससे पूर्व पहले चरण में स्थानीय दो निजी हॉस्पिटलों को सील किया जा चुका है. वहीं, खुशबू हॉस्पिटल के संचालक विवेक कुमार प्रशासन की रडार पर हैं. छापेमारी दल द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें: दशम फॉल हादसा: चौथे दिन मिला डूबे युवक का शव, फिसलकर डूबा था मधुबनी का युवक