कांग्रेस नेता राहुल गांधी सितंबर में उज्जैन का दौर

सितंबर में उज्जैन आएंगे राहुल गांधी, महाकाल दर्शन का भी प्लान

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सितंबर महीने में उज्जैन का दौरा कर सकते हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, अभी राहुल गांधी के दौरे की तारीख आधिकारिक तौर पर तय नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि उज्जैन में वे संगठन सृजन के तहत नियुक्त किए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान संगठन की जमीनी स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी।

सात जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ता होंगे शामिल

राहुल गांधी के कार्यक्रम में सिर्फ उज्जैन जिले के ही नहीं, बल्कि पूरे उज्जैन संभाग के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम में रतलाम, शाजापुर, देवास, आगर मालवा, मंदसौर और नीमच जिले के कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी रहेगी। बैठक में जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्य शामिल होंगे। इसके अलावा मंडलम अध्यक्ष, मंडलम कार्यकारिणी, ग्राम पंचायत अध्यक्ष और बीएलए-2 सहित संगठन से जुड़े अन्य पदाधिकारी भी राहुल गांधी से संवाद करेंगे।

संगठन की मजबूती पर होगा फोकस

राहुल गांधी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी ले सकते हैं। बैठक में बूथ स्तर तक कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और संगठन को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पंचायत और मंडलम स्तर के पदाधिकारियों से बातचीत के जरिए स्थानीय स्तर की चुनौतियों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को समझने की कोशिश भी की जाएगी।

क्षीरसागर और कार्तिक मेला ग्राउंड संभावित स्थल

राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए उज्जैन में क्षीरसागर और कार्तिक मेला ग्राउंड को संभावित स्थल के तौर पर देखा जा रहा है। कार्यक्रम स्थल का अंतिम चयन प्रशासन से मिलने वाली अनुमति के बाद किया जाएगा। जिस स्थान पर अनुमति मिलेगी, वहीं कार्यक्रम आयोजित होने की संभावना है। इसके बाद वहां डोम और अन्य व्यवस्थाएं तैयार की जाएंगी।

कांग्रेस नेताओं ने शुरू की तैयारियां

राहुल गांधी के संभावित दौरे की जानकारी सामने आने के बाद उज्जैन कांग्रेस संगठन सक्रिय हो गया है। जिला अध्यक्ष महेश परमार और शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी कार्यक्रम को लेकर रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। हालांकि, दोनों नेताओं की ओर से अभी कार्यक्रम को लेकर सार्वजनिक तौर पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

महाकाल मंदिर में दर्शन का भी प्लान

राहुल गांधी के उज्जैन आने पर बाबा महाकाल के दर्शन करने की भी संभावना है। वे पहले भी उज्जैन पहुंचकर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन कर चुके हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से इस बार भी उनके महाकाल मंदिर जाने का प्लान बताया जा रहा है। हालांकि, मंदिर दर्शन कार्यक्रम से पहले होगा या संगठनात्मक कार्यक्रम के बाद, इसे लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

रीवा संभाग में भी प्रस्तावित है ऐसा कार्यक्रम

उज्जैन के बाद कांग्रेस की ओर से इसी तरह का संगठनात्मक कार्यक्रम रीवा संभाग में भी प्रस्तावित बताया जा रहा है। वहां भी राहुल गांधी कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों से संवाद कर सकते हैं। हालांकि, रीवा कार्यक्रम की तारीख भी अभी तय नहीं हुई है। फिलहाल कांग्रेस का फोकस उज्जैन संभाग में होने वाले प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों पर है।