पंजाब पुलिस ने 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान के तहत 1

पंजाब पुलिस का अपराधियों पर बड़ा शिकंजा: 1500 क्रिमिनल्स गिरफ्तार

पंजाब पुलिस का बड़ा अभियान

पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा पंजाब पुलिस का एंटी-गैंगस्टर ऑपरेशन ‘गैंगस्टरां ते वार’ 200 दिन पूरे कर चुका है। इस दौरान पुलिस ने पूरे राज्य में 1 लाख 9 हजार 87 जगहों पर छापेमारी की और 1532 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि इस अभियान के जरिए गैंगस्टर्स के नेटवर्क, फंडिंग, हथियारों और लॉजिस्टिक सपोर्ट पर एक साथ कार्रवाई की जा रही है।

हजारों अपराधियों पर कार्रवाई

पंजाब पुलिस ने अभियान के दौरान 58 हजार 212 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। इनमें 853 गैंगस्टर और उनके करीबी सहयोगी, जबकि 57 हजार 359 वांटेड अपराधी शामिल हैं। प्रिवेंटिव पुलिसिंग के तहत भी पुलिस ने 28 हजार 201 लोगों को हिरासत में लिया। इसके अलावा 18 हजार 514 लोगों का वेरिफिकेशन किया गया। पुलिस के मुताबिक, कुल मिलाकर 1 लाख 4 हजार 927 लोगों पर कार्रवाई की गई है।

हथियार और ड्रग्स की बरामदगी

ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने अपराधियों से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और नशीले पदार्थ बरामद किए। पुलिस ने 990 अवैध हथियार, 242 धारदार हथियार, 2739 कारतूस और 315 मैगजीन जब्त कीं। इसके अलावा 2.5 किलोग्राम विस्फोटक और 15 हैंड ग्रेनेड भी बरामद हुए। ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई में 774.38 किलोग्राम हेरोइन, 480.23 किलोग्राम अफीम और 7266.26 किलोग्राम पोस्त भूसी बरामद की गई। पुलिस ने 26 लाख 91 हजार से ज्यादा ड्रग पिल्स, 1.73 करोड़ रुपये की ड्रग मनी और 1.80 करोड़ रुपये नकद भी जब्त किए।

गैंगस्टर्स के लिए चेतावनी 

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ के पहले 200 दिनों ने लगातार और इंटेलिजेंस बेस्ड पुलिसिंग के असर को साबित किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ अपराधियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके फंडिंग नेटवर्क, सहयोगियों, लॉजिस्टिक सपोर्ट और कम्युनिकेशन सिस्टम को भी निशाना बनाया जा रहा है।

डिजिटल नेटवर्क पर शिकंजा

एजीटीएफ के एडीजीपी प्रमोद बान के मुताबिक, आज संगठित अपराध फाइनेंस नेटवर्क और डिजिटल कम्युनिकेशन के जरिए भी संचालित हो रहा है। इसलिए पुलिस वित्तीय लेनदेन, डिजिटल इंटेलिजेंस और विदेशी हैंडलर्स पर नजर रख रही है। पुलिस ने 4978 मोबाइल फोन, 1781 वाहन और 61 ड्रोन भी जब्त किए हैं। इसके अलावा 64 हजार 402 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।