पंजाब सरकार ने महिलाओं की आर्थिक सशक्तीकरण योजना '

पंजाब की महिलाओं को बड़ा तोहफा, 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' लॉन्च; खातों में पहुंची पहली सम्मान राशि

पंजाब की महिलाओं को बड़ा तोहफा, 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' लॉन्च; खातों में पहुंची पहली सम्मान राशि

पंजाब सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बुधवार को बहुप्रतीक्षित 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' की शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने धुरी से इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया। लॉन्च के साथ ही पात्र महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीने की सम्मान राशि एकमुश्त ट्रांसफर कर दी गई।

यह योजना वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए प्रमुख चुनावी वादों में शामिल थी। योजना के तहत सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कई महिलाओं के मोबाइल पर राशि जमा होने का संदेश भी पहुंच चुका है।

पंजाब सीएम मान

सामान्य और एससी वर्ग की महिलाओं को अलग-अलग मिलेगी सहायता

योजना के तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये के हिसाब से पहली किस्त में 3,000 रुपये दिए गए हैं। वहीं, अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये के अनुसार पहली किस्त में 4,500 रुपये सीधे बैंक खातों में भेजे गए हैं।

राज्य सरकार के अनुसार, अब तक इस योजना के लिए करीब 50 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जो महिलाएं बाद में आवेदन करेंगी, उन्हें पात्रता पूरी करने पर योजना का लाभ दिया जाएगा।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली महिलाएं भी होंगी पात्र

मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ लेने वाली महिलाएं भी इस योजना के दायरे में रहेंगी। सरकार का अनुमान है कि पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके सफल संचालन के लिए राज्य सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

सरकार ने गिनाईं अपनी प्रमुख उपलब्धियां

योजना के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में घरों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई गई है, बिना भ्रष्टाचार के 68 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, सड़कों का विस्तार किया गया है और कई टोल प्लाजा बंद कर प्रतिदिन करीब 70 लाख रुपये की बचत सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी लगातार काम किया जा रहा है।

केजरीवाल बोले- पंजाब की माताओं और बहनों के लिए ऐतिहासिक दिन

भगवंत मान और आप संयोजक अरविन्द केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर योजना की शुरुआत का स्वागत किया। उन्होंने इसे पंजाब की माताओं और बहनों के लिए बड़ा दिन बताते हुए कहा कि अब तक सरकारों ने राज्य को लूटने का काम किया, लेकिन भगवंत मान ने सरकारी धन सीधे जनता तक पहुंचाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री सेहत योजना का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने सिंचाई व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बनने के समय नहरों के पानी का उपयोग केवल 22 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। उन्होंने बताया कि गांवों के विकास के लिए नियमित रूप से अनुदान जारी किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में संचालित 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके अनुसार, अब तक इस योजना के माध्यम से लोगों को 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त उपचार मिल चुका है।