पंजाब सरकार ने रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए बढ़ाया ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट
पंजाब सरकार ने 1 जनवरी, 2020 से 30 जून, 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को बड़ी राहत दी। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि इस अवधि में रिटायर हुए कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट की गणना अब बढ़े हुए अनुमानित महंगाई भत्ते (DA) के आधार पर की जाएगी।
अगली सुनवाई 14 जुलाई को
इससे पात्र कर्मचारियों को पहले की तुलना में ज्यादा राशि मिलेगी। हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार की अधिसूचना को रिकॉर्ड पर लेते हुए मामले की अगली सुनवाई 14 जुलाई के लिए तय की है। यह जानकारी पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में 2 याचिकाओं की सुनवाई के दौरान सामने आई। सुनवाई के दौरान प्रदेश सरकार ने वित्त विभाग की 6 जुलाई को जारी अधिसूचना अदालत में पेश की, जिसे हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड पर ले लिया। मामले की अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी।
सरकार ने कर्मचारियों के हक में फैसला
राज्य सरकार ने अधिसूचना में कहा है कि 1 जनवरी 2020 से 30 जून 2021 के बीच रिटायर हुए कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट की गणना अब तक 17 प्रतिशत DA के आधार पर की जा रही थी। इससे कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के वक्त मिलने वाली एकमुश्त राशि कम मिली। इसी को देखते हुए मान सरकार ने सहानुभूतिपूर्वक फैसला लिया है कि इन कर्मचारियों को बढ़े हुए नोटशनल DA का लाभ दिया जाए, ताकि उन्हें ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट की ज्यादा राशि मिल सके।
3 महीने में मिलेगा लाभ
पंजाब सरकार ने सभी पेंशन स्वीकृत करने वाले अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित गणना के आधार पर पात्र कर्मचारियों को 3 महीने के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि पंजाब सिविल सेवा नियम और पहले से लागू अन्य नियम पहले की तरह लागू रहेंगे।