प्राइवेट बॉक्साइट ट्रक मालिकों की हड़ताल समाप्त, भाड़ा वृद्धि पर बनी सहमति
न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: लोहरदगा,मे भाड़ा वृद्धि की मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से जारी प्राइवेट बॉक्साइट ट्रक मालिकों की हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई. प्राइवेट बॉक्साइट माइंस ऑनर एसोसिएशन, झारखंड पठारी चंदवा–लोहरदगा संचालन समिति तथा कुजाम माइंस पट्टाधारी ज्ञानचंद अग्रवाल के साथ हुई बैठक में सभी पक्षों के बीच समझौता हो गया.
बैठक ज्ञानचंद अग्रवाल के ईस्ट गोला रोड स्थित आवास पर आयोजित की गई. ट्रक ओनर एसोसिएशन ने बैठक में कहा कि होटल पर्ल में पहले ही सभी प्राइवेट माइंसों का भाड़ा तय किया जा चुका है, जिसके अनुसार अन्य माइंस मालिक ₹1,000 प्रति टन भुगतान करते हैं, लेकिन ज्ञानचंद अग्रवाल द्वारा मात्र ₹900 प्रति टन भुगतान किया जाता है. इस पर एसोसिएशन ने आपत्ति जताते हुए इसे अस्वीकार्य बताया.
लंबी चर्चा के बाद ₹980 प्रति टन भाड़ा दिए जाने पर सहमति बनी. ज्ञानचंद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि उनकी माइंस की मौजूदा स्थिति ठीक नहीं है और भारी मात्रा में लेटराइट निकलने के कारण आर्थिक दबाव है. इसके अलावा यह भी तय हुआ कि पूर्व में प्रति ट्रक प्रतिमाह की जा रही ₹3,000 की कटौती अब नहीं की जाएगी.अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि माइंस में पहले से चल रहे ट्रकों से ही परिवहन कार्य कराया जाएगा. ट्रक एसोसिएशन इन वाहनों के फॉरेस्ट परमिट की व्यवस्था कराएगा. साथ ही ट्रक मालिकों को निर्देश दिया गया कि जिन गाड़ियों के कागजात अधूरे हैं, उन्हें तुरंत अपडेट करा लें और ड्राइवरों को परेशानी से बचाने के लिए माइंस में हार्ड कॉपी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं. बैठक में प्राइवेट माइंस ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष साजिद खान, सचिव बरकत अंसारी, संचालन समिति सदस्य इरशाद अहमद, काजू कुरैशी, खुर्शीद आलम, समसुल अंसारी, आसिफ खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे.
इस समझौते के साथ ही पांच दिनों से ठप पड़ा ट्रांसपोर्टिंग कार्य बहाल होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: बनहरदी परियोजना की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 155 ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच