बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा: प्रमोद नौटियाल पुलिस रिमांड पर, रकम की बरामदगी पर जोर
बद्रीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को पुलिस की 4 दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योतिर्मठ हिना कौसर की कोर्ट ने 28 से 31 जुलाई तक आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेजने की इजाजत दी है।
गणना कक्ष में कई बदलाव
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ, साक्ष्यों के सत्यापन और संभावित बरामदगी के लिए रिमांड मांगी थी। इससे पहले पुलिस की कस्टडी रिमांड की 3 अर्जी अदालत खारिज कर चुकी थी। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चढ़ावे की रकम, अन्य साक्ष्यों और पूरे मामले से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी। वहीं, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने चढ़ावा गणना व्यवस्था को और सुरक्षित बनाने के लिए गणना कक्ष में कई बदलाव किए गए हैं।
शालिग्राम की 1 मूर्ति बरामद
पुलिस आज को आरोपी को पूछताछ के लिए बद्रीनाथ थाना या देहरादून ले जा सकती है। रिमांड अवधि के दौरान उससे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ होगी और चढ़ावे की रकम व अन्य साक्ष्यों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा। जांच के दौरान पुलिस अब तक केवल शालिग्राम की 1 मूर्ति बरामद कर सकी है। पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज में आरोपी कथित तौर पर नोटों की गड्डियां ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। इन्हीं फुटेज के आधार पर उससे पूछताछ होगी। मामले में अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच जारी है।