महिन्द्रा ट्रैक्टर के डाला के नीचे छिपा रखा गया था

डिहरी में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 127.97 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

विकास कुमार/न्यूज11  भारत 

रोहतास/डेस्क: रोहतास के डिहरी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लगभग 127.97 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 (B)(1)(C)/25/29 के तहत डिहरी नगर थाना कांड संख्या 495/25 में दर्ज की गई है।

कैसे हुआ खुलासा?

16 नवंबर 2025 को जिला आसूचना इकाई को जानकारी मिली थी कि एक तस्कर महिन्द्रा कंपनी के ट्रैक्टर के डाला के नीचे पटरा लगाकर भारी मात्रा में गांजा लेकर औरंगाबाद से डिहरी की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01, डिहरी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम में डिहरी नगर थाना के थानाध्यक्ष, दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा जिला आसूचना इकाई के अधिकारी शामिल थे।

माली रोड पर की गई सघन वाहन जांच

गठित टीम ने माली रोड एनएच-02 पर लक्ष्मी टीवीएस शो रूम के सामने वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान औरंगाबाद की ओर से आ रहे एक महिन्द्रा ट्रैक्टर को रोका गया और दंडाधिकारी की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई।

क्या-क्या मिला?

तलाशी के दौरान ट्रैक्टर के डाला के नीचे बिछाए गए पटरे से अलग-अलग पैकेटों में 127.97 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। ट्रैक्टर पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था तथा उसका चेचिस नंबर मिटाया हुआ पाया गया। साथ ही एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

गिरफ्तार तस्कर

घटना स्थल से ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया गया जिसकी पहचान इस प्रकार है— महेन्द्र मुसहर, उम्र 42 वर्ष, पिता स्व. प्रसादी मुसहर, निवासी मोहम्मदपुर, थाना वड्ढी, जिला रोहतास।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर ने तस्करी में शामिल अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

  • पु.नि. सह थानाध्यक्ष शिवेन्द्र कुमार, डिहरी नगर थाना
  • पु.नि. राहुल, प्रभारी डीआईयू रोहतास
  • पु.अ.नि. चन्द्रहास कुमार, डिहरी नगर थाना
  • पु.अ.नि. अंजली कुमारी, डिहरी नगर थाना
  • डीआईयू टीम, रोहतास

पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं तथा आगे भी अभियान जारी रहने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें: धनबाद में अस्मिता लीग एथलेटिक्स मीट का में लड़कियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग, दिखाई प्रतिभा