America : वाशिंगटन। ट्रंप सरकार ने वीजा नियमों को

मोटापा और डायबिटीज वालों को अब वीजा नहीं

मोटापा और डायबिटीज वालों को अब वीजा नहीं

America : वाशिंगटन। ट्रंप सरकार ने वीजा नियमों को और सख्त करते हुए प्रावधान कर रही है कि अब अमेरिका जाने वाले विदेशी नागरिकों को वीजा तभी मिलेगा, जब वे पूरी तरह से स्वस्थ होंगे। नए निर्देश के मुताबिक, अगर व्यक्ति मोटापा, डायबिटीज या किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है तो उसके वीजा आवेदन खारिज कर दिया जाएगा। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन में कहा गया बीमार लोग देश पर आर्थिक बोझ बन सकते हैं। वे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर सकते हैं।

हालांकि वीजा प्रक्रिया में हेल्थ टेस्ट जोड़ने की बात नई नहीं है। पहले से ही वहां ट्यूबरकुलोसिस (TB), संक्रामक बीमारियों और मानसिक स्वास्थ्य की जांच होती रही है लेकिन अब ट्रंप प्रशासन ने इसका दायरा और बढ़ा दिया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, नए निर्देशों के बाद वीजा अधिकारी किसी व्यक्ति के पूरे मेडिकल इतिहास और फिटनेस को ध्यान में रखकर निर्णय लेंगे कि उसे देश में प्रवेश देना है या नहीं। यह बदलाव अमेरिका की 'पब्लिक चार्ज पॉलिसी' को और कठोर बना रहा है।

इन बीमारियों पर रोका जा सकता है वीजा

विदेश विभाग द्वारा भेजे गए निर्देशों में साफ कहा गया है कि अधिकारियों को मोटापा, हृदय रोग, फेफड़ों से जुड़ी समस्या, कैंसर, डायबिटीज, मेटाबॉलिक डिसऑर्डर और मानसिक रोग जैसे मामलों में खास सतर्क रहना होगा। अगर अधिकारी को यह लगता है कि किसी व्यक्ति की बीमारी आगे चलकर महंगे इलाज का कारण बन सकती है, तो उसका वीजा रोका जा सकता है। यह निर्णय ट्रंप प्रशासन की उस नीति को दर्शाता है जिसमें अमेरिका अपने संसाधनों को 'स्वस्थ नागरिकों' के लिए सुरक्षित रखना चाहता है।

इलाज का खर्च उठाने की क्षमता भी होगी. जांच नए नियम के तहत अब सिर्फ बीमारी नहीं, बल्कि व्यक्ति की आर्थिक स्थिति भी जांची जाएगी। अधिकारी यह आकलन करेंगे कि अगर व्यक्ति बीमार पड़ जाए तो क्या वह अपने इलाज का खर्च खुद उठा सकता है या नहीं। हालांकि, इमिग्रेशन विशेषज्ञों का कहना है कि ये नियम ज़्यादातर उन लोगों पर लागू होंगे जो अमेरिका में स्थायी रूप से बसने के लिए आवेदन कर रहे हैं। कानूनी विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह कदम कई योग्य और मेहनती आवेदकों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/neet-counselling-candidates-blacklisted-for-fraudulent-admissions/96976