बिहार

जमुई सदर अस्पताल में बेड से गिरा मरीज, हुई मौत.. स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही से घायल युवक ने तोड़ा दम

धीरज कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत जमुई/डेस्क: जमुई सदर अस्पताल के मरीज वार्ड में एक घायल युवक की मौत हो गई. बताया गया कि युवक बेड से नीचे गिर गया था, जिसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने उसे उठाने या सहायता देने में कथित तौर पर लापरवाही बरती. घटना के बाद युवक घंटों फर्श पर पड़ा छटपटाता रहा. उसकी वृद्ध मां अस्पताल में मौजूद कर्मियों से लगातार मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी. अंततः युवक की तड़प-तड़प कर मौत हो गई.

मृतक की पहचान 35 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार की राजधानी पटना जिले के बाढ़ थाना अंतर्गत सरनटांड गांव का निवासी था. उसे शुक्रवार सुबह किउल-जसीडीह रेलखंड के जमुई रेलवे स्टेशन के मलयपुर सिग्नल के पास ट्रेन से गिरने के बाद घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रेल पुलिस की मदद से उसे अस्पताल लाया गया था. मृतक की मां विनेश्वरी देवी ने बताया कि संतोष छठ पूजा के मौके पर अपने घर बाढ़ जा रहा था. वह जमुई जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत पतौना गांव में अपनी बहन के घर रहता था.

यह भी पढ़े: औरंगाबाद स्टेशन का बदला नाम, अब ‘छत्रपति संभाजी नगर’ के नाम से होगा मशहूर