हेमंत सरकार के एक साल पूरा होने पर 28 नवंबर को 10,000 से अधिक अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: हेमंत सोरेन-2 सरकार के एक साल पूरा होने पर झारखंड सरकार राज्य के हजारों युवाओं को बड़ी सौगात देने जा रही हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 10,000 से अधिक सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. सरकार ने 28 नवंबर 2024 को दूसरे कार्यकाल की शपथ ली थी और ठीक एक वर्ष पूरा होने पर यह नियुक्ति महाअभियान आयोजित किया जा रहा हैं. इसे लेकर सभी संबंधित विभागों की तैयारी तेज हैं. मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक भी की गई.
नौ विभागों में होगी नियुक्ति इस कार्यक्रम में उन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा जो नौ प्रमुख विभागों की भर्ती परीक्षाओं में सफल हुए हैं. इनमें शामिल हैं:
- कार्मिक प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग
- गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग
- वाणिज्य कर विभाग
- कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग
- श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग
- उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग
- स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग
- स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग
- उद्योग विभाग
सूत्रों के अनुसार, अंतिम समय में कुछ और विभाग भी इस सूची में जोड़े जा सकते हैं.
सबसे अधिक शिक्षक होंगे नियुक्त राज्य में सबसे बड़ी नियुक्ति शिक्षकों की होगी. प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में कुल 8,000 सहायक आचार्य की भर्ती की जा रही हैं. इसमें गणित–विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और भाषा विषय के अभ्यर्थी शामिल हैं. राज्य सरकार का कहना है कि यह कदम बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ा राहत संदेश है और आने वाले महीनों में अन्य विभागों में भी तेजी से नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
यह भी पढ़े: रांची: सदर अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप