डायरिया के संभावित प्रसार की सूचना पर सिविल सर्जन ने चैनपुर के कोशियरा गांव का किया दौरा, बांटे डायरिया किट
संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: चैनपुर प्रखंड के कोशियारा गांव में डायरिया के सम्भावित प्रसार की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आया. आज, सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने अपनी एक मेडिकल टीम के साथ प्रभावित गांव का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया. सिविल सर्जन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है. डॉ. श्रीवास्तव और उनकी टीम ने गांव में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान, डायरिया से बचाव और उपचार के लिए 100 से अधिक प्रभावित परिवारों के बीच तत्काल डायरिया किट का वितरण किया गया. इस किट में ओआरएस (ORS), आवश्यक दवाइयाँ और स्वच्छता संबंधी जानकारी पत्रक शामिल थे.
सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने गांव वालों को संबोधित करते हुए साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवहार अपनाने का पुरजोर अनुरोध किया. उन्होंने लोगों से सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, भोजन को ढककर रखने और शौच के बाद तथा खाना खाने से पहले अनिवार्य रूप से हाथ धोने और मवेशियों के गोबर व मूत्र के उचित निपटान करने जैसी मूलभूत स्वच्छता आदतों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की.
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में जागरूकता अभियान भी चलाया, जिसका उद्देश्य डायरिया के कारणों, लक्षणों और तत्काल प्राथमिक उपचार के बारे में लोगों को शिक्षित करना था, ताकि बीमारी को और फैलने से रोका जा सके. सिविल सर्जन ने आश्वासन दिया कि स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और प्रभावितों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. विदित हो कि इसी गांव के कुछ लोग उल्टी और दस्त की शिकायत पर सदर अस्पताल इलाज के लिए पहुंचे थे, सिविल सर्जन को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए प्रभावित गांव का दौरा किया. मौके पर जिला स्वास्थ्य विभाग से क्वालिटी एश्योरेंस कंसलटेंट सन्तोष कुमार के साथ चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम भी मौजूद रही
यह भी पढ़ें: धनबाद स्टेशन प्लेटफार्म नंबर सात पर सेल्फी ले रहे युवक पर गिरा रेलवे का स्लीपर, मौत, एक घायल