बिहार

सहरसा में वाहन जांच के दौरान कुख्यात अपराधी जग्गा यादव गिरफ्तार, एक फरार

इंद्रदेव/न्यूज11  भारत

सहरसा/डेस्क:  सहरसा में रविवार की शाम पुलिस की सघन वाहन जांच अभियान के दौरान नया बाजार नारियां रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास बड़ा खुलासा हुआ. वाहन जांच के क्रम में एक निक्सन कार से गुजर रहे तीन युवकों को पुलिस ने रोककर जांच की. प्रारंभिक जांच में जब उनसे गाड़ी के कागजात मांगे गए तो वे पेश करने में असमर्थ रहे. डिक्की की तलाशी के बाद जब पुलिस उन्हें छोड़ने की तैयारी में थी, तभी एक पुलिसकर्मी ने एक युवक की सामान्य तलाशी ली, तो कमर के पास संदिग्ध वस्तु का अहसास हुआ.

तुरंत ही गाड़ी और युवकों को रोक लिया गया तथा वरीय पदाधिकारी को सूचना दी गई. मौके पर पहुंचे अधिकारियों के पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम आशीष कुमार यादव उर्फ जग्गा यादव बताया. पुलिस ने मौके से जग्गा यादव और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा युवक बबलू, जो बैजनाथपुर का निवासी बताया जा रहा है, मौके से फरार हो गया.

प्रेस वार्ता में साइबर डीएसपी सहरसा ने जानकारी दी कि जग्गा यादव के खिलाफ दर्जनों गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं और पुलिस उसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी. फरार आरोपी बबलू की भी पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी से आनंदविहार जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस में एकमा स्टेशन पर AC बोगी में लगी आग, अनहोनी होने से बची