150 से ज्यादा निहंग सिख उत्तराखंड के लिए करेंगे कूच, सीमा पर ITBP, PAC और पुलिस बल की तैनात
उत्तराखंड में चंडीगढ़ और मोहाली से 150 से ज्यादा निहंग सिखों के देहरादून कूच करने वाले हैं। वे शाम तक उत्तराखंड बॉर्डर पहुंच सकते हैं। रुद्रप्रयाग के नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में पंजाब से आए निहंगों ने इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके कुछ साथी 25 जून को उत्तराखंड आएंगे। पहले चमोली और रुद्रप्रयाग के गुरुद्वारों का दौरा करेंगे। वहां की व्यवस्था और हालात का जायजा लेने के बाद वे हेमकुंड साहिब के लिए रवाना होंगे।
‘दमन के आगे झुकेंगे नहीं’
मोहाली के निहंग सिखों ने कहा- सिखों के अधिकारों के खिलाफ कुछ साजिशें रची जा रही हैं। हम अरदास करके यह संकल्प ले रहे हैं कि हम किसी भी दमन के आगे झुकेंगे नहीं। हमारी अरदास को जो लोग सिर्फ एक सामान्य प्रार्थना समझ रहे हैं, वे भूल रहे हैं कि यह हमारा संकल्प है।
गुरुद्वारों की व्यवस्थाओं का जायजा
निहंगों के मुताबिक, पंजाब से आने वाला यह जत्था यह देखना चाहता है कि उत्तराखंड के पवित्र गुरुद्वारों में सिख तीर्थयात्रियों के साथ कैसा व्यवहार किया जा रहा है। निहंगों के पहले दिए गए बयानों से यह भी संकेत मिले है कि यह जत्था पंजाब के प्रमुख गुरुद्वारों और पंथ के प्रतिनिधियों के आदेश पर उत्तराखंड में गुरुद्वारों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने आ रहा है।
सीमाओं पर बढ़ाई सुरक्षा
बड़ी सभा को देखते हुए देहरादून पुलिस ने उत्तराखंड की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी है। किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश सीमा पर ITBP, PAC और पुलिस बल की तैनाती की गई है। मामले को देखते हुए राज्य सरकार ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए। प्रशासन को स्थिति शांतिपूर्ण बनाए रखने और मामले का समाधान करने के निर्देश दिए गए। प्रदेश सरकार, सिख प्रतिनिधिमंडल और निहंगों के बीच बेहतर समन्वय भी देखने को मिल रहा है।