झारखंड

हजारीबाग भूमि घोटाला: मुख्य आरोपी विनय सिंह की जमानत याचिका पर 26 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

न्यूज11  भारत रांची/डेस्क: हजारीबाग की वन भूमि की अवैध खरीद-बिक्री और नियम विरुद्ध म्यूटेशन मामले में आरोपी ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह की जमानत याचिका पर बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान प्रार्थी पक्ष के अधिवक्ता ने बहस के लिए समय देने का अनुरोध किया, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया. इसके बाद अदालत ने जमानत याचिका पर अगली सुनवाई की तारीख 26 नवंबर निर्धारित की है. मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति संजय कुमार द्विवेदी की अदालत में हुई. एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की कांड संख्या 11/2025 में विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है. एसीबी के अनुसार, जिन जमीनों को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है, वे दोनों आरोपियों के नाम पर दर्ज हैं. विवादित भूमि हजारीबाग सदर अंचल के थाना नंबर 252 में स्थित है. इसमें खाता संख्या 95 के प्लॉट नंबर 1055, 1060 और 848 शामिल हैं, जिनका कुल रकबा 28 डिसमिल है. इसके अतिरिक्त खाता संख्या 73 के प्लॉट नंबर 812 का रकबा 72 डिसमिल बताया गया है. ये सभी जमीनें बभनवे मौजा, हल्का नंबर 11 में स्थित हैं. एसीबी की रिपोर्ट के अनुसार, उक्त भूमि पर विनय सिंह और उनकी पत्नी का कब्जा है और वर्तमान में यहां नेक्सजेन नामक ऑटोमोबाइल शो-रूम संचालित किया जा रहा है. ये भी पढ़ें- सरकारी विद्यालयों की खराब दुर्दशा को लेकर लिए गए स्वतः संज्ञान पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई